CM योगी ने कहा- नए UP में नतमस्तक होकर शासन देता है किसानों को सम्मान

CM Yogi
योगी आदित्यनाथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शनिवार को कहा कि यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां किसानों का सम्मान होता है और उनके परिश्रम व पुरुषार्थ के सामने शासन नतमस्तक होकर उन्हें सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि किसानों के परिश्रम व पुरुषार्थ से न केवल उत्तर प्रदेश का सम्मान बढ़ा रहा है, बल्कि विकास यात्रा का हिस्सा बनकर राज्य को देश की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में मदद कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह किसानों के परिश्रम का ही परिणाम है कि हमने कृषि विकास दर को नौ फीसदी तक पहुंचाया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप आगामी समय में अगर राज्य को 2027-28 तक ‘एक ट्रिलियन डॉलर' की अर्थव्यवस्था बनना है तो वर्तमान विकास दर को इससे तीन गुना रफ्तार से आगे बढ़ाना होगा।'' मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर शनिवार को लोकभवन में संबोधित किया और यहां किसान मित्र एआई ऐप का आरंभ किया तथा कृषकों, कृषि उद्यमियों, एफपीओ व कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में लघु फिल्म दिखाई गई। उन्होंने ‘किसानों की यशगाथा विकास यात्रा' पुस्तिका का विमोचन भी किया। एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, अच्छे प्रशासक व महान किसान नेता थे। उन्होंने कहा कि जब तक किसान गरीब रहेगा, भारत अमीर नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ग्रामीण भारत ही असली भारत है। भारत वर्ष की समृद्धि का मार्ग खेत-खलिहान से होकर गुजरता है। जागरूक जनशक्ति ही सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार है। चौधरी चरण सिंह ने कई कार्यों के जरिए अपने समय में किसानों के जीवन में बदलाव के अभियान को बढ़ाया था।''

उन्होंने कहा, ‘‘साढ़े नौ वर्ष में हमने बदलते भारत को देखा है। पहली बार अन्नदाता किसानों ने महसूस किया कि वे भी किसी सरकार के प्राथमिक एजेंडे का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री किसान फसल बीमा, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, लागत का डेढ़ गुना दाम एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के जीवन में परिवर्तन आया। अब तक इसकी 15 किस्त किसानों के पास पहुंच चुकी है। सिर्फ उप्र में ही 2.61 करोड़ किसानों के खाते में 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंच चुकी है।''

लोक भवन में कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर शनिवार को विधान भवन प्रांगण में उनकी प्रतिमा व चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। किसान कल्याण के लिए सदैव समर्पित रहे चौधरी साहब की जयंती को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषक उपहार योजना के अंतर्गत विधान भवन के सामने किसानों को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की और झंडी दिखाकर ट्रैक्टरों को रवाना किया। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर सुषमा खर्कवाल, उप्र सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद, जेपीएस राठौर, गिरीश चंद यादव, दिनेश प्रताप सिंह, बलवीर सिंह औलख, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com