छत्तीसगढ़: कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले से महिला की मौत

Women-death
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला मारी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिले के कटघोरा वनमंडल के अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि क्षेत्र के पनगवां गांव के बैगापार मोहल्ले में जंगली हाथी के हमले में सोन कुंवर (84) की मौत हो गई।   

निशांत ने बताया कि सोमवार देर रात हाथियों का झुंड पनगवां गांव के आसपास घूम रहा था। वन विभाग ने इसके लिए गांव में मुनादी भी कराई थी। आज सुबह लगभग चार बजे 42 हाथियों का झुंड बैगापारा मोहल्ले में घुस गया और एक मकान को ध्वस्त कर दिया। इस घटना के दौरान घर के लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन चलने में अक्षम कुंवर वहां से निकल नहीं सकी और जंगली हाथी ने उसकी जान ले ली।   

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को तात्कालिक 25 हजार रुपये आर्थिक सहायता राशि दी गई है। शेष 5.75 लाख रुपये सभी औपचारिकता पूरी होने के बाद दिए जाएंगे ।   

उन्होंने बताया कि हाथियों का झुंड अभी भी आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है। झुंड की निगरानी के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्र में तैनात किया गया है। क्षेत्र में दो दिनों पहले भी जंगली हाथियों ने दो महिलाओं को मार डाला था। पिछले तीन दिनों में कटघोरा वन मंडल में अब तक जंगली हाथियों के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है तथा एक व्यक्ति घायल हुआ है। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com