गुजरात के पाटन में पानी से भरे गड्ढे में गिरी कार, 4 लोगों की मौत

Car fell into a pit filled with water in Patan, Gujarat, four people died.
Published on: 
Updated on: 

पाटन: गुजरात के पाटन जिले में एक कार सड़क पार कर रहे एक जंगली सूअर से टकराने के बाद पानी से भरे गड्ढे में गिर गई, जिससे गाड़ी में सवार दंपति और उनकी नाबालिग बेटी तथा भतीजी डूब गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक हरदेवसिंह वाघेला ने बताया कि यह दुर्घटना पाटन के संतालपुर तालुका में फंगली गांव के पास सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृतक भी इसी गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि परिवार कच्छ जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था, लेकिन उनकी कार अचानक एक जंगली सूअर से टकरा गई।

इसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गई। संतालपुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान महेन्द्र जोशी (41), उनकी पत्नी भावनाबेन (37), उनकी बेटी दिशा (13) और महेन्द्र की भतीजी उर्वशी (15) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया, ''दुर्घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित अपने पैतृक गांव से कच्छ के लिए रवाना हुए थे।'' अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए संतालपुर के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया गया है।   

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com