टूटेगा 130 साल पुराना बेलासीस पुल, रेलवे बनाएगी नया ब्रिज

130 year old, Bellasis bridge, demolish, build, new, railway over bridge
Published on
Updated on

सूर्य प्रकाश मिश्र@नवभारत 
मुंबई: महानगर मुंबई के सबसे पुराने ब्रिटिशकालीन पुलों में से एक बेलासिस रेलवे पुल (Bellasis bridge) को तोड़ने (Demolish) की योजना बनाई गई है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल और ग्रांट रोड स्टेशन के बीच स्थित 130 साल पुराने बेलासिस उड़ान पुल के पुनःनिर्माण का निर्णय रेलवे ने लिया है। बताया गया है, कि जल्द ही इस पुराने ब्रिज को बंद कर इसके स्थान पर अत्याधुनिक (New) ब्रिज (Railway Over Bridge) बनाया जाएगा। 

1893 में बना था ब्रिज
बेलासिस रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण लगभग 130 साल पहले सन 1893 में किया गया था। उस समय इस इलाके में रेलवे ट्रैक के ऊपर से काफी कम वाहन और पैदल यात्रियों का आवागमन होता था। समय के साथ यहां भीड़ बढ़ती गई और बेलासिस ब्रिज आवागमन के लिए छोटा पड़ते गया। अपनी आयु सीमा पार कर चुके इस ब्रिज का उपयोग यातायात के लिए रोकने की सलाह भी दी गई, हालाकिं अभी भी इस ब्रिज पर बड़े पैमाने पर आवागमन हो रहा है। 

केबल ब्रिज बनाने की थी योजना
उल्लेखनीय है कि बेलासिस रेलवे फ्लाईओवर की जगह पर 6 लेन का नया आरओबी बांद्रा-वर्ली सी-लिंक की तर्ज पर केबल ब्रिज के रूप में बनाने का प्रस्ताव महारेल ने तैयार किया था। यह केबल स्टेड ब्रिज 32.7 मीटर चौड़ा बनने वाला था, परंतु कुछ कारणवश योजना आगे नहीं बढ़ सकी। उसके बाद पश्चिम रेलवे ने बीएमसी के साथ मिलकर इसे स्वयं बनाने का निर्णय लिया। इस आरओबी के बन जाने पर मुंबई सेंट्रल स्टेशन के पश्चिम तरफ ताड़देव जंक्शन से पूर्व में नागपाड़ा जंक्शन की यातायात समस्या दूर होने में मदद मिलेगी। 

बनेगा अस्थाई यात्री ब्रिज
बेलासिस पुल बंद होने के बाद स्थानीय पैदल यात्रियों और रेल यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई सेंट्रल स्टेशन की मुख्य टिकट खिड़की को जोड़ने वाला एक अस्थायी पुल बनाया जाएगा।  पश्चिम रेलवे के डीआरएम नीरज वर्मा के अनुसार मुंबई में इस तरह का पहला प्रयोग होगा। पहले यात्रियों के लिए पुल का निर्माण होगा। पुल को 4 महीने में यानी फरवरी 2024 तक उपयोग के लिए खोलने की योजना है। पैदल यात्री पुल की योजना को रेलवे मुख्यालय से मंजूरी मिल गयी है। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com