महिला टी20 विश्व कप: आयरलैंड को हराकर भारत शान से सेमीफाइनल में, स्मृति मंधाना की आक्रामक पारी

Women Team India
Photo: BCCI Women
Published on: 
Updated on: 

गक्बेरहा. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की आक्रामक अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने महिला टी20 विश्व के ग्रुप दो के बारिश से प्रभावित अपने आखिरी लीग मुकाबले में सोमवार को यहां आयरलैंड को डकवर्थ-लुईस पद्धति से पांच रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने चार मैचों में छह अंक के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। इस ग्रुप से इंग्लैंड ने पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह तय कर ली है।

सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की इस प्रारूप की सर्वश्रेष्ठ 87 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने छह विकेट पर 155 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करने के बाद बारिश के कारण खेल रोके जाने के समय आयरलैंड को 8.2 ओवर में दो विकेट पर 54 रन पर रोक दिया। भारतीय टीम लगातार तीसरी बार महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम पिछली बार 2020 में उपविजेता रही थी। लक्ष्य का पीछा करते समय आयरलैंड ने पहले ओवर में ही दो विकेट गंवा दिये।

https://twitter.com/ANI/status/1627706583982678017

एमी हंटर जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार क्षेत्ररक्षण और थ्रो पर रन आउट हुई तो वहीं रेणुका सिंह ने शानदार लय में चल रही ओर्ला प्रेंडरगास्ट को खाता खोले बगैर बोल्ड किया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज गैबी लुईस (25 गेंद में नाबाद 32) और कप्तान लॉरा डेनेली (20 गेंद में नाबाद 17 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी कर मैच में आयरलैंड की वापसी कराने की कोशिश की। उनकी कोशिश पर हालांकि बारिश ने पानी फेर दिया।

इससे पहले वामहस्त बल्लेबाज मंधाना ने 56 गेंद की आकर्षक पारी में नौ चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होने शेफाली वर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 62 और कप्तान हरमनप्रीत कौर (13) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी।

बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर शेफाली और हरमनप्रीत रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखी लेकिन स्मृति पर इसका कोई असर नहीं हुआ। शेफाली ने 29 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये जबकि हरमनप्रीत 20 गेंद की पारी में एक भी चौका लगाने में विफल रही। आयरलैंड के लिए डेलेनी ने तीन जबकि प्रेंडरगस्ट ने दो विकेट चटकाये।

आर्लीन केली को एक सफलता मिली। भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। स्मृति और शेफाली ने शुरुआती 10 ओवर के अंदर 62 रन जोडे। शेफाली एक बार फिर अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रही। वह  डेलेनी की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटी।

हरमनप्रीत जहां रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी वही स्मृति गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने के साथ साथ दौड़ कर रन चुरा रही थी। उन्होंने लेग स्पिनर कारा मुर्रे पर छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए जॉर्जीना डेम्पसी के खिलाफ लगातार दो चौके लगाये। उन्होंने इस गेंदबाज के खिलाफ छक्का भी लगाया।

डेनेली ने लगातार गेंदों पर हरमनप्रीत और ऋचा घोष (शून्य) को आउट कर मैच में आयरलैंड की वापसी करायी। स्मृति पर हालांकि इसका कोई असर नहीं हुआ उन्होंने  केली के खिलाफ दो चौके जड़ने के बाद डेनेली के ओवर में चौका और छक्का लगाया। वह एक और छक्का लगाने की कोशिश में  प्रेंडरगस्ट की गेंद पर लपकी गयी। अगली गेंद पर दीप्ति शर्मा (शून्य) भी पवेलियन लौट गयी।

जेमिमा रोड्रिग्स ने आखिरी ओवर में दो चौके लगाकर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। वह आखिरी गेंद पर स्टंप आउट हुई। उन्होंने 12 गेंद में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाये। (एजेंसी)