

रांची: इस महीने से ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) खेला जाने वाला है। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए भारतीत टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई है। वहीं, वर्ल्ड कप की टीम में चुने जाने के वजह से एक खिलाड़ी ने अपना दर्द बयां किया है। हम बात कर रहे हैं, भारतीय टीम में 'लॉर्ड' के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) की। शार्दुल ठाकुर को टी20 विश्व कप के लिए नहीं चुने जाने की ‘बड़ी निराशा’ है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरा वनडे मैच खेलने से पहले शार्दुल (Shardul Thakur) ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा, 'जाहिर है, यह बड़ी निराशा है। विश्व कप में खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना हर खिलाड़ी का सपना होता है।'
उन्होंने कहा, 'अगर मेरा चयन नहीं हुआ तो भी कोई बात नहीं। मुझ में अभी काफी क्रिकेट बचा है और अगले साल वनडे विश्व कप भी है। मुझे जिस मैच में भी मौका मिला मेरा ध्यान उस में अच्छा करने और टीम की जीत में योगदान देने पर होगा।'
शार्दुल (Shardul Thakur) ने आगे दीपक चाहर के चोट पर अपनी राय दी है। उन्होंने कहा कि, 'चोट लगना खेल का हिस्सा है। किसी ना किसी समय खिलाड़ी चोटिल जरूर होगा। हमें इसे दिल से नहीं लेना चाहिये। अभी काफी क्रिकेट बचा हुआ है। अगर किसी को चोट लगती है तो कोई भी खिलाड़ी उसकी जगह आ सकता है। आपकी जिम्मेदारी बस इतनी होती है कि जब भी आपको मौका मिले आप अपनी जिम्मेदारी निभायें। अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं मानसिक रूप से तैयार हूं।'
शार्दुल (Shardul Thakur) ने कहा, 'अगर आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को देखें तो उनके बल्लेबाजी क्रम में काफी गहराई है। उदाहरण के लिए ऑस्ट्रेलिया के पास पैट कमिंस, मिच स्टार्क आठवें या नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं। ऐसा ही इंग्लैंड के साथ भी है।'
उन्होंने कहा, 'मैं काफी समय से अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दे रहा हूं। जाहिर तौर पर सातवें से नौवें क्रम पर बल्लेबाजी में योगदान देना अच्छा होता है। इससे आपका आत्मविश्वास बढ़ता है।'