

एडीलेड: फॉर्म में लौटे केन विलियमसन (Kane Williamson) के 35 गेंद में 61 रन के बाद स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड (New Zealand vs Ireland) ने शुक्रवार को आयरलैंड को 35 रन से हराकर टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) के सेमीफाइनल में प्रवेश की ओर कदम रख दिया। न्यूजीलैंड एक समय 200 रन के पार जाती दिख रही थी लेकिन तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल ने हैट्रिक लेकर उसे छह विकेट पर 185 रन पर रोक दिया। जवाब में आयरलैंड की टीम नौ विकेट पर 150 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड (New Zealand) के स्पिनर ईश सोढी ने 26 और मिशेल सेंटनेर ने 29 रन देकर दो दो विकेट लिये। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन ने तीन विकेट चटकाये। न्यूजीलैंड के पांच मैचों में सात अंक है और उसका रनरेट आस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड से बेहतर है। उसका ग्रुप में शीर्ष रहना तय है। आयरलैंड सेमीफाइनल में जगह तो नहीं बना सका लेकिन वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी दमदार टीमों को हराया। उसके लिये पॉल स्टर्लिंग ने 27 गेंद में 37 और कप्तान एंड्रयू बालबर्नी ने 25 गेंद में 30 रन बनाये।
दोनों ने पहले विकेट के लिये 49 गेंद में 68 रन की साझेदारी की लेकिन छह गेंद के भीतर दोनों के विकेट गिरने से आयरलैंड की हार तय हो गई। इससे पहले आयरलैंड के तेज गेंदबाज लिटिल ने यादगार हैट्रिक बनाकर न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 185 रन पर रोक दिया। न्यूजीलैंड के लिये कप्तान विलियमसन ने टूर्नामेंट में पहली बार सौ से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौक और तीन छक्के लगाये।
सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने 18 गेंद में 32, ग्लेन फिलिप्स ने नौ गेंद में 17 और डेरिल मिशेल ने 21 गेंद में नाबाद 31 रन की पारी खेली। बायें हाथ के तेज गेंदबाज लिटिल ने न्यूजीलैंड की रनगति पर डैथ ओवरों में अंकुश लगाया। उन्होंने 19वें ओवर में विलियमसन, जिम्मी नीशाम और मिशेल सेंटनेर के विकेट लगातार तीन गेंदों पर लिये। विलियमसन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में डीप में कैच दे बैठे जबकि नीशाम और सेंटनेर पगबाधा आउट हुए।
संयुक्त अरब अमीरात के कार्तिक मेयाप्पन के बाद इस विश्व कप की यह दूसरी हैट्रिक थी। कार्तिक ने श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था। न्यूजीलैंड की पारी का सबसे बड़ा आकर्षण विलियमसन का फॉर्म में लौटना रहा। शुरूआत में संघर्ष करने के बाद उन्होंने खुलकर खेला। उन्होंने तेज गेंदबाज बैरी मैकार्थी को डीप मिडविकेट पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। दो गेंद बाद उन्होंने उसी जगह पर दूसरा छक्का लगाया। वह 19वें ओवर में इसी तरह का शॉट फिर खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे। आयरलैंड ने आखिरी दो ओवर में 12 रन ही दिये।(एजेंसी)