जीत के बाद लाइव इंटरव्यू में फूटकर रोए 'हार्दिक पंड्या', कहा- जैसा उन्होंने किया वैसा कोई नहीं कर सकता- देखें वीडियो

Hardik Pandya cried in live interview remembering his father
PIC: Twitter
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान (IND vs PAK) के खिलाफ खेला गया। इस महा-मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की और पाकिस्तान को चार विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में विराट कोहली (Virat Kohli) ने शानदार पारी खेली, जहां उन्होंने नाबाद 82 रन बनाए। विराट कोहली ने उस समय भारत की पारी संभाली, जिस समय भारत अपनी हार की तरफ था। क्योंकि, महज़ 31 रन पर ही टीम इंडिया के चार विकेट गिर चुके थे। इस दौरान विराट का साथ हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने बखूबी निभाया। दोनों के बीच 100 रनों की साझेदारी हुई। जिसके बदौलत भारत मैच जीतने में कामयाब हो पाया। इस मैच के बाद इंटरव्यू में हार्दिक पंड्या को फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया।    

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की शुरुआत काफी ख़राब रही। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल जल्दी ही पवेलियन वापस लौट गए थे। उसके बाद सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल भी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। जिसके बाद हार्दिक और कोहली के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई। इस पारी ने ही टीम इंडिया को संभाला और जीत दिलाई। मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के बाद हार्दिक पंड्या काफी इमोशनल (Hardik Pandya in Tears) हो गए। उन्होंने अपने दिवंगत पिता को भी याद किया और रो पड़े। 

https://twitter.com/abhijitgiri32/status/1584159928977358848

सोशल मीडिया पर हार्दिक पंड्या के रोने का वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है। वह लाइव इंटरव्यू के दौरान अपने पिता को याद करके बहुत रोने लगे थे। वह अपने इंटरव्यू में कहते हैं, 'मैंने मैच से पहले राहुल सर से कहा कि जहां मैं 10 महीने पहले था और अब जहां हूं वही बहुत बड़ी बात है। मैं इस चीज के लिए इतनी मेहनत करता हूं। यह पारी मेरे पापा के लिए है। वह यहां होते तो बहुत खुश होते। अगर मुझे खेलने का मौका नहीं मिलता तो मैं यहां कैसे खड़ा होता। मेरे पापा ने कई त्याग किए। उन्होंने हमारे खातिर दूसरे शहर जाने का फैसला किया। जब हम दोनों भाई छह साल के थे तो उन्होंने सिटी चेंज किया। मैं हमेशा पापा का आभारी रहूंगा।'

हार्दिक आगे कहते हैं, 'पहला मैच होने के चलते यह काफी महत्वपूर्ण था और वो पाकिस्तान के खिलाफ। लड़कों ने बहुत दिनों से काफी मेहनत की है। हम हारेंगे साथ में जीतेंगे साथ में। मैंने और विराट कोहली ने भले ही सबसे बढ़िया खेला लेकिन जीत में सबका योगदान था। अर्शदीप, शमी, भुवनेश्वर ने जैसा बॉल डाला वो शानदार था। भले ही चार विकेट गिरे, लेकिन सूर्या ने जो चौके लगाए वो काफी अहम थे।'

गौरतलब है कि, हार्दिक पंड्या के पिता हिमांशु पंड्या का पिछले साल जनवरी में निधन हो गया था। उन्होंने हार्दिक और क्रुणाल पंड्या को क्रिकेटर बनाने के लिए बहुत त्याग किए। हार्दिक और क्रुणाल पंड्या को क्रिकेटर बनाने के लिए हिमांशु पंड्या ने अपना बिजनेस तक बंद कर दिया था और दूसरे शहर शिफ्ट हो गए थे, ताकि दोनों बच्‍चों को क्रिकेट की बेहतर सुविधा मुहैया कराई जा सके। आज हार्दिक और क्रुणाल जो कुछ भी है, वह उसका श्रेय अपने पिता को ही देते हैं। 

मुकाबले की बात करें तो, पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में भारत के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा। जिसके जवाब में मैदान पर उतरी टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल दोनों ने ही अपना विकेट जल्दी खो दिया था। हालांकि बाद में विराट कोहली और हार्दिक पंड्या ने मिलकर भारत की पारी संभाली, जहां पंड्या ने 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। यह मुकाबला आखिरी गेंद तक गया, जिसमें अश्विन ने सिंगल लिया और भारत ने जीत दर्ज कर पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com