बारिश की भेंट चढ़ा इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया मैच, सेमीफाइनल की राह बनी कठिन

T20 World Cup 2022 England-Australia match due to rain, the road to semi-finals became difficult
PIC: ICC/Twitter
Published on: 
Updated on: 

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर होने वाला मैच रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण रद्द कर दिया गया जिससे इन दोनों टीमों की टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने की राह कठिन हो गई है। एमसीजी पर ही अफगानिस्तान और आयरलैंड का मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद मौसम ने अपना कमाल दिखाया और दिन के दूसरे मैच को भी रद्द करना पड़ा।

इस मैच के रद्द होने के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला लेकिन इससे उनकी सेमीफाइनल में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है। प्रत्येक ग्रुप से केवल दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे। शुक्रवार को दो मैचों की बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद इंग्लैंड अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। खिताब के प्रबल दावेदार इंग्लैंड को सुपर 12 के बारिश से प्रभावित मैच में आयरलैंड से हार का सामना करना पड़ा था जो कि उसे भारी पड़ रहा है।

सुपर 12 के ग्रुप एक ने अब चार टीम के समान तीन-तीन अंक हैं लेकिन बाकी टीमों ने जहां तीन मैच खेले हैं वहीं शीर्ष पर काबिज न्यूजीलैंड ने दो ही मैच खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया के भी तीन अंक है लेकिन वह नेट रन रेट के कारण आयरलैंड के बाद चौथे स्थान पर है। भारत-पाकिस्तान के मैच को छोड़कर एमसीजी पर बाकी सभी मैच बारिश से प्रभावित रहे। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने कहा,‘‘ मैंने पहली बार इस स्टेडियम को इतना अधिक गीला देखा। रन अप और अंदर के सर्कल को लेकर असली मसला था। यह क्षेत्र काफी गीले थे। खिलाड़ियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण थी। हमने देखा था कि जिंबाब्वे का एक खिलाड़ी किस तरह से फिसल गया था।''

कोविड-19 से संक्रमित मैथ्यू वेड की स्थिति के बारे में फिंच ने कहा,‘‘ आज अगर मैच होता तो वह अंतिम एकादश में होता। उसे थोड़े लक्षण थे लेकिन खेलने के लिए फिट था।'' इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भी मैच नहीं हो पाने पर निराशा जताई। बटलर ने कहा,‘‘ यह बहुत बड़ा अवसर होता। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के लिए स्टेडियम खचाखच भरा रहता। यह आपके करियर का बड़ा मैच होता है। आज रात मैच नहीं खेलने से वास्तव में बहुत निराश हूं।''

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में 89 रन की चौंकाने वाली हार के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सुपर 12 मैच में श्रीलंका को हराकर मजबूत वापसी की।  अफगानिस्तान पर जीत के साथ शुरुआत करने वाले इंग्लैंड को बारिश के कारण पिछले मैच में आयरलैंड के खिलाफ डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत पांच रन से हार का सामना करना पड़ा था। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com