

नई दिल्ली: दासुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम (Sri Lanka Team) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को नीदरलैंड्स (SL vs NED) को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) के सुपर-12 में एंट्री कर ली है। श्रीलंका ने नीदरलैंड को 16 रनों से मात देकर अपनी जगह बनाई है। इस हार के बाद नीदरलैंड के खिलाड़ियों की नजरें नामीबिया बनाम यूएई मुकाबले पर रहेगी।
दरअसल, यूएई अगर नामीबिया को हरा देती है तो नीदरलैंड सुपर-12 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। वहीं अगर नामीबिया यूएई से मुकाबला जीत जाती है तो वह सुपर-12 में अपनी जगह बना लेगी। बता दें, नीदरलैंड्स की यह इस वर्ल्ड कप में पहली हार है।
इस मुकाबले में शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। सलामी बल्लेबाज कुसल मेंडिस की 79 रनों की तूफानी पारी खेली। इस मैच में श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 162 का स्कोर खड़ा किया। मेंडिस ने 44 गेंदों का सामना करते हुए अपनी इस पारी में 5 चौके और पांच छक्के जड़े थे। उनके अलावा असलंका ने 31 रनों की पारी खेली।
वहीं, 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडोड ने अर्धशतक जड़ते हुए 71 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि, उनकी यह पारी ज़्यादा काम नहीं आई, क्योंकि दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिल पाया। नीदरलैंड्स 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 146 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए वानिंदु हसरंगा ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।