दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉन मिलर-उइबो बनीं दिल्ली हाफ मैराथन 2026 की एंबेसडर, 18 अक्टूबर को होगा आयोजन

Delhi Half Marathon 2026: दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉन मिलर-उइबो दिल्ली हाफ मैराथन 2026 की इंटरनेशनल एंबेसडर बनीं। यह आयोजन 18 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
Shaunae Miller-Uibo Delhi Half Marathon Ambassador
शॉन मिलर-उइबो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shaunae Miller-Uibo Delhi Half Marathon Ambassador: दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉन मिलर-उइबो को दिल्ली हाफ मैराथन 2026 का इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर बनाया गया है। बहामास की स्टार एथलीट 18 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन के 21वें संस्करण में शामिल होंगी।

400 मीटर की मशहूर धाविका मिलर-उइबो ने अपने करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने रियो 2016 और टोक्यो 2020 ओलंपिक में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था। टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने 48.36 सेकंड का समय निकालकर नॉर्थ अमेरिकन रिकॉर्ड भी बनाया था।

ओलंपिक दो बार जीतने वाली दूसरी महिला

टोक्यो में खिताब जीतने के साथ ही मिलर-उइबो फ्रांस की मैरी-जोस पेरेक के बाद ओलंपिक 400 मीटर खिताब को लगातार दो बार जीतने वाली दूसरी महिला बनी थीं। वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।

उन्होंने 2015 और 2019 में 400 मीटर में सिल्वर मेडल जीता, जबकि 2022 में यूजीन में वर्ल्ड चैंपियन बनीं। इसके अलावा 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने 200 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 21.74 सेकंड का उनका पर्सनल बेस्ट समय बहामास का नेशनल रिकॉर्ड है।

पढ़ाई के साथ बनाई पहचान

मिलर-उइबो ने यूनिवर्सिटी ऑफ जॉर्जिया में पढ़ाई के दौरान ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। उन्होंने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में 200 मीटर का गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले में बहामास की मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम के साथ भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

भारत आने को लेकर उत्साहित मिलर-उइबो

दिल्ली आने को लेकर मिलर-उइबो ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक रेस में शामिल होने का मौका नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भारत और खासकर नई दिल्ली आने को लेकर उत्साहित हैं। उनके मुताबिक, दिल्ली हाफ मैराथन अलग-अलग पृष्ठभूमि और क्षमताओं वाले लोगों को दौड़ने के जुनून से जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करने के बाद वह जानती हैं कि आगे बढ़ने के लिए लगातार छोटे कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका सफर दिल्ली के धावकों को अपने लक्ष्य पर भरोसा रखने और लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com