सात्विक और चिराग की जोड़ी किया कमाल, इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में बनाई जगह

India , in Indonesia Open 2023
India Satwiksairaj Rankireddy, Chirag Shetty in Indonesia Open 2023
PTI Photo
Published on: 
Updated on: 

जकार्ता: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (Satwiksairaj Rankireddy) और चिराग शेट्टी (Chirag Shetty) की अनुभवी भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शनिवार को यहां इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 1000 बैडमिंटन स्पर्धा के सेमीफाइनल में कोरिया के मिन ह्युक कांग और सेउंग जे सेओ की जोड़ी को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। 

सातवीं वरीय भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में गैर वरीय कोरियाई जोड़ी के खिलाफ पहले गेम में हार के बाद शानदार वापसी की। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले को 17-21 21-19 21-18 से जीता। इन दोनों जोड़ियों के बीच पांच मैचों में सात्विक और चिराग की जोड़ी की यह तीसरी जीत है।  विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी पहली बार सुपर 1000 स्तर के स्पर्धा के फाइनल में पहुंची है।

खिताबी मुकाबले में इस जोड़ी के सामने इंडोनेशिया के प्रमुद्या कुसुमवर्धना एवं येरेमिया एरिक योचे याकूब रामबिटान और दूसरी वरीयता प्राप्त मलेशिया के आरोन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी के बीच खेले जाने वाले सेमीफाइनल के विजेता की चुनौती होगी। मैच की शुरुआत में दोनों जोड़ियों ने बराबरी की टक्कर दी लेकिन कोरियाई जोड़ी ने 6-3 की बढ़त बना ली। कोरियाई जोड़ी के बढ़त हासिल करने बाद भारतीय जोड़ी बस उसका पीछा ही करती रही।

सात्विक और चिराग ने आक्रामक खेल के दम पर बढ़त कम करने की कोशिश लेकिन 20-17 स्कोर होने के बाद कोरियाई जोड़ी ने उनकी गलती का फायदा उठा कर पहला गेम जीत लिया।  पहला गेम गंवाने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए 6-3 और फिर 11-4 की बढ़त बना ली। कांग और सेओ की जोड़ी ने इसके बाद अच्छी वापसी की और स्कोर को 18-15 कर दिया। 

भारतीय जोड़ी ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए इस गेम को जीत लिया।  तीसरे गेम में दोनों का स्कोर 5-5 था लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार सात अंक हासिल कर 12-5 की बढ़त हासिल कर ली। कोरियाई जोड़ी ने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए स्कोर 16-16 कर दिया। चिराग और सात्विक ने इसके बाद दबाव में अपना दमखम दिखाया और जीत दर्ज कर ली। (एजेंसी)