

Ronaldo Honours Diogo Jota After Dramatic Win: पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी टीम ने शुक्रवार को टोरंटो में क्रोएशिया पर 2-1 की जीत के बाद अपने दिवंगत साथी खिलाड़ी डिओगो जोटा को भावुक श्रद्धांजलि दी। इस दिन डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की स्पेन में हुए सड़क हादसे में मौत की पहली बरसी भी था। राउंड ऑफ-32 मुकाबले में रोनाल्डो ने पेनल्टी के जरिए पुर्तगाल के लिए पहला गोल किया।
मैच खत्म होने के बाद कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी पूरी टीम ने डिओगो जोटा को श्रद्धांजली दी जिसमें रोनाल्डो ने नंबर-21 जर्सी पहनकर आसमान की ओर इशारा किया। इस दौरान उनकी आंखें में नमी भी दिखाई दीं। ये पूरा नजारा खिलाड़ियों और उनके फैन्स के लिए बेहद ही भावुक कर देने वाला था। जोटा के निधन के एक महीने बाद पुर्तगाल फुटबॉल टीम ने उनकी याद में उनकी नंबर-21 राष्ट्रीय टीम जर्सी उनके करीबी दोस्त और पूर्व साथी खिलाड़ी रूबेन नेवेस को सौंप दी थी।
रोनाल्डो फीफा विश्व कप के दौरान 'फॅाक्स' के साथ बात करते कहा- "हमें मैच से पहले ही एहसास था कि आज का दिन कितना खास है। आज हमने टीम के साथ जीवन के इस संयोग पर बात की और ये अकल्पनीय है। ये जीत हमारे लिए सिर्फ मैच जीतने के लिए ही नहीं, बल्कि डिओगो जोटा को सम्मान देने के लिए भी थी।"
रोनाल्डो ने अपना बयान देते हुए ये भी कहा कि हमें पता है कि वह आज भी हमारे साथ हैं और उनके लिए ये पल बहुत खास है। साथी उन्होनें ये भी कहा कि सबसे अच्छी बात ये है कि हमें आज के दिन इस मैच को खेलने का अव्सर मिला और इसलिए उनके सम्मान में श्रद्धांजली देने का सबसे अच्छा तरीका यही था कि हम ये मुकाबला जीतें।
डिओगो जोटा ने पुर्तगाल के लिए 49 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे और 14 गोल किए थे। पिछले वर्ष 3 जुलाई को स्पेन के पश्चिमी हिस्से में हुए एक भीषण सड़क हादसे में उनकी और उनके 25 वर्षीय भाई आंद्रे सिल्वा की मौत हो गई थी।
डिओगो जोटा पुर्तगाल की उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2019 और 2025 में यूईएफए नेशंस लीग (UEFA) का खिताब जीता था। 2025 के फाइनल में पुर्तगाल ने स्पेन को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। निधन से कुछ ही हफते पहले जोटा ने अपने साथियों के साथ इस जीत का जश्न भी मनाया था। उनके भाई आंद्रे सिल्वा भी पेशेवर फुटबॉलर थे और पुर्तगाल के दूसरे डिवीजन क्लब पेनाफिएल के लिए खेलते थे।
हादसे के समय डिओगो जोटा की कार एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान कार का टायर फट गया, जिससे वाहन सड़क से उतर गया और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मौके पर ही मौत हो गई।