लगातार दूसरी बार इंडिया लीजेंड्स बनी चैंपियन, श्रीलंका को चटाई धुल

Road Safety World Series 2022 India Legends became champion
PIC: Twitter
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: इंडिया लीजेंड्स (India Legends) ने एक बार फिर रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series 2022) के खिताबी मुकाबले में में जीत दर्ज कर का टाइटल अपने नाम कर लिया है। शनिवार रात को हुए फाइनल मुकाबले में इंडिया लीजेंड्स का सामना श्रीलंका लीजेंड्स (Sri Lanka Legends) से था। जिसके बाद इंडिया लीजेंड्स ने श्रीलंका को 33 रन से मात दी। इंडिया लीजेंड्स के लिए नमन ओझा (Naman Ojha) ने ताबड़तोड़ शतक भी लगाया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ दी मैच' भी चुना गया। 

रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के पहले सीजन के खिताब पर भी इंडिया लीजेंड्स ने कब्जा किया था। जिसके बाद अब दूसरे सीजन में एक बार फिर इंडिया लीजेंड्स ने टाइटल को डिफेंड कर अपने नाम कर लिया है। मुकाबले में इंडिया लीजेंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था।

अपनी पारी में नमन ओझा ने 71 गेंद पर 108 रन की पारी खेली। वह शुरू से लेकर आखिरी तक एक छोर पर टिके रहे थे। हालांकि, कप्तान सचिन तेंदुलकर (0), सुरेश रैना (4), युसूफ पठान (0) पर ही आउट हो गए थे। जबकि विनय कुमार (36), युवराज सिंह (19) और इरफान पठान (11) ने छोटी-छाटी पारियां खेलकर नमन ओझा का साथ दिया। वहीं, श्रीलंका की और से नुवान कुलसेकरा ने तीन, उदाना ने दो और इशान जयारत्ने ने एक विकेट चटकाया।

इसके बाद 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका लीजेंड्स के विकेट शुरुआत से ही गिरते चले गए थे। दिलशान मुनावीरा (8), सनत जयसूर्या (5), तिलकरत्ने दिलशान (11) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। एकमात्र इशान जयारत्ने ने 22 गेंद पर 51 रन जड़कर अपनी टीम को विशाल हार से बचाया। पूरी लंकाई टीम 18.5 ओवर में 162 रन पर सिमट गई। इस दौरान इंडिया लीजेंड्स की ओर से विनय कुमार तीन, अभिमन्यू मिथून ने दो और बाकी गेंदबाजों को एक-एक विकेट चटकाए।