

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक 2024 का समापन हो गया है। भारत की झोली में इस बार 6 मेडल आए हैं। जिसने भी ओलंपिक में मेडल जीता उन सभी से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की। जिसके बाद अब खुद पीएम मोदी ने उन सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की है, जिन्होंने पेरिस में भारत का झंडा गाड़ा है। जिसके हॉकी टीम, मनु भाकर भी शामिल हैं।
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब हुई थी। हालांकि टीम को जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। लेकिन स्पेन के खिलाफ कांस्य पदक के मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत दर्ज करके लगातार दो बार कांस्य पदक जीता है।
वहीं ओलंपिक मेडलिस्ट्स को छोड़कर पीएम मोदी ने अन्य खिलाड़ियों से भी मुलाकात की, जिसमें लक्ष्य सेन जैसे कई एथलीट्स भी शामिल है। हालांकि इस समारोह में नीरज चोपड़ा शामिल नहीं हुए थे, क्योंकि वह जर्मनी में अपनी चोट का इलाज करवा रहे थे।
जब एथलीट्स ने पीएम मोदी से मुलाकात की, तो उन्होंने पीएम को कई तरह के उपहार भी दिए। जैसे शूटर मनु भाकर ने प्रधानमंत्री को पिस्टल गिफ्ट की। वहीं भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने पीएम को अपनी टी-शर्ट तोहफे में दी। सोशल मीडिया पर एथलीट्स से पीएम मोदी की मुलाकात का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि पेरिस ओलंपिक 2024 में 6 भारतीय एथलीट्स ने मेडल जीते हैं। जिसमें 1 सिल्वर मेडल और 5 कांस्य पदक है। भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता। इसके अलावा मनु भाकर, मिक्स टीम में मनु भाकर और सरबजोत सिंह, अमन सहरावत और स्वप्निल कुसाले ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने का कारनामा किया है।