

PM Modi Congratulate Asian Games 2026 Athletes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले एथलीट्स को उनके प्रदर्शन के लिए सराहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सिल्वर मेडल जीतने वाले लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर की तारीफ में लिखा, मुरली श्रीशंकर ने एशियन गेम्स में एक और मेडल जीता। उनकी छलांग ने उन्हें पुरुषों की लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में पोडियम तक पहुंचाया, उन्हें बधाई। भविष्य में और भी सफलताएं मिलें, ऐसी शुभकामनाएं।
राष्ट्रपति ने श्रीशंकर की तारीफ में लिखा, एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर मुरली श्रीशंकर को हार्दिक बधाई। आपका शानदार प्रदर्शन आपके कौशल, लगन और अटूट संकल्प को दर्शाता है। उम्मीद है कि आप अपने खेल के सफर में और भी ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में यशवीर सिंह ने देश के लिए सिल्वर मेडल जीता, जबकि रोहित यादव ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इन एथलीट्स की तारीफ में कहा, एशियन गेम्स के पोडियम पर दो भारतीय जैवलिन थ्रोअर। अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतने पर यशवीर सिंह और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर रोहित यादव को बधाई। दोनों एथलीट्स और भारतीय एथलेटिक्स के लिए यह एक शानदार नतीजा है। भविष्य की कोशिशों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।
राष्ट्रपति ने इन खिलाड़ियों की तारीफ में कहा, एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर यशवीर सिंह और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर रोहित यादव को बहुत-बहुत बधाई। एक साथ दो मेडल जीतना भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का पल है। यशवीर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है। उम्मीद है कि आप दोनों हर थ्रो के साथ नए रिकॉर्ड बनाते रहेंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत के मुरली श्रीशंकर ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी छाप छोड़ी है। शानदार प्रदर्शन, मेहनत से हासिल किया गया मेडल और भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक और गर्व का पल। बधाई हो, मुरली। आगे भी ऐसी ही कई बड़ी छलांगों, जीतों और मेडल्स की उम्मीद है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में भारत के लिए एक यादगार 'डबल पोडियम' पल रहा, जिसमें यशवीर सिंह ने सिल्वर मेडल और रोहित यादव ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। यशवीर और रोहित को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई। उम्मीद है कि वे आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते रहेंगे, नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और आने वाले वर्षों में देश का मान और बढ़ाएंगे।
पारुल चौधरी ने सोमवार को महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल रेस में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भी ब्रॉन्ज जीता था। पारुल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, एशियन गेम्स में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पारुल चौधरी को बधाई। उनकी सफलता उभरते हुए एथलीट्स के लिए बहुत प्रेरणादायक है। भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
वहीं, लॉन्ग-डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद, सोमवार को पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में एक और सिल्वर मेडल जीता। उनकी तारीफ में प्रधानमंत्री ने कहा, एशियन गेम्स में पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह को बधाई। उनकी यह उपलब्धि इसलिए और भी खास है, क्योंकि यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) है। भारत को उन पर गर्व है।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुलवीर सिंह और विथ्या रामराज की सराहना करते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया, एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह को, और महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर विथ्या रामराज को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आप दोनों ने अपनी असाधारण खेल उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया है। आपकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
-एजेंसी इनपुट के साथ