Paris Olympics 2024: नीरज चोपड़ा की फाइनल में रॉयल एंट्री, पहले थ्रो में ही लहरा दिया परचम

भारतीय ओलंपिक दल में गोल्डन ब्वॉय के रूप में शामिल नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास के दौरान भाला फेंक प्रतियोगिता के फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है। पहले ही प्रयास में उन्होंने 89.34 मीटर का थ्रो किया, जो उनका इस सीजन का बेस्ट थ्रो है।
Neeraj Chopra will face tough challenge to win medal in paris olympics 2024
नीरज चोपड़ा (सौजन्यः एक्स)
Published on
Updated on

पेरिस: भारत के गोल्डन बॉय के नाम से मशहूर नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अपना पहला थ्रो ही फेंककर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पहले ही प्रयास में उन्होंने 89.34 मीटर का थ्रो किया, जो उनका इस सीजन का बेस्ट थ्रो है। ऐसे में अब भारत को उनसे मेडल जीतने की उम्मीद काफी बढ़ गई है।

आपको बता दें कि पुरुषों के भाला फेंक प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे। जिसमें उन्होंने पहले ही प्रयास में अपना जोर दिखा दिया और फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। नीरज चोपड़ा से देश को एक और मेडल की उम्मीद है।

नीरज का सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

नीरज चोपड़ा का यह इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। क्वालिफिकेशन राउंड की बात की जाए तो इसमें जो भी एथलीट 84 मीटर का थ्रो कर लेते हैं, उनको सीधे ही फाइनल के लिए क्वालीफाई माना जाता है। नीरज ने इससे कहीं आगे तक भाला फेंक कर अपने इरादे जता दिए हैं।

अरशद नदीम ने भी किया क्वालीफाई

वहीं नीरज के बाद पाकिस्तान के अरशद नदीम ने भी फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 86.59 थ्रो किया है। नदीम नीरज के लिए खतरा भी माने जाते हैं। हालांकि नीरज उनसे काफी आगे हैं। उनके अलावा ग्रेनेडियन भाला फेंकने वाले एंडरसन पीटर्स ने भी अपने पहले थ्रो में 88.63 मीटर की दूरी तय कर फाइनल में एंट्री कर ली है। अब भाला फेंक का फाइनल मुकाबला 8 अगस्त को रात 11:50 बजे होगा।

किशोर जेना हुए फेल

दूसरी तरफ भारत के किशोर जेना पेरिस ओलंपिक में मेंस जेवलिन इवेंट के क्वालीफिकेशन राउंड में 84 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर पाए, जिसकी वजह से वह फाइनल में जगह नहीं बना पाए। जेना का 80.73 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा, लेकिन क्वालीफाई करने के लिए 84 मीटर का थ्रो होना अनीवार्य है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com