

पेरिस: भारत की जूडो खिलाड़ी तूलिका मान पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का मान बढ़ाने में असफल रही। उन्हें चार बार की ओलंपिक मेडलिस्ट क्यूबा की जूडो खिलाड़ी इडेलिस ओर्टिज से करारी हार का सामना करना पड़ा। क्यूबा की जूडोका ने सिर्फ 28 सेकेंड में ही तूलिका मान को हरा दिया। इस हार के साथ ही तूलीका का मेडल जीतने का सपना टूट गया है।
तूलिका मान के बाहर होने के साथ ही भारत का जूडो में मेडल जीतने का सपना केवल सपना ही रह गया है। क्योंकि जूडो में भारत का प्रतिनिधि करने वाली वह एक मात्र खिलाड़ी थी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की रजत पदक विजेता दिल्ली की तूलिका को क्यूबा की खिलाड़ी के खिलाफ इप्पोन से 0-10 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
क्यूबा की खिलाड़ी के नाम चार ओलंपिक पदक हैं जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। ओर्टिज के खिलाफ तूलिका सिर्फ 28 सेकेंड की मुकाबले में टिक सकीं। तूलिका की हार के साथ जूडो में भारत का अभियान खत्म हो गया क्योंकि वह पेरिस खेलों में इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र खिलाड़ी थीं।
इप्पोन दांव में जुडो खिलाड़ी अपने विरोधी को मैट पर काफी ताकत और गति से उसकी पीठ के बल गिराता है। इप्पोन तब दिया गया है जब कोई खिलाड़ी विरोधी को 20 सेकेंड तक अपनी गिरफ्त में रखता है या फिर विरोधी खिलाड़ी हार मान लेता है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)