

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भारत के स्टार बैडमिंटन प्लेयर लक्ष्य सेन की तैयारियां जोरो पर है। इसकी जानकारी लक्ष्य सेन के कोच विमल कुमार ने दी। लक्ष्य को इस बार मेडल लाने के लिए इन खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा जोकि आसान नहीं होगा। ऐसे में कोच विमल ने भी लक्ष्य की तैयारी और प्रैक्टिस के लिए विदेश के खास प्लेयर को भी बुलाया है। जिसके साथ लक्ष्य प्रैक्टिस कर ओलंपिक के लिए तैयार होंगे।
भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन के कोच विमल कुमार का मानना है कि लक्ष्य को अपने पहले ओलंपिक में अच्छा ड्रॉ मिला है जिसमें ‘अंडरडॉग' होने के कारण वह खुलकर खेल सकेगा। दुनिया के 19वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य को ओलंपिक पदक जीतने के लिए इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी, बेल्जियम के जूलियन कारागी और पिछले ओलंपिक में सेमीफाइनल तक खेलने वाले ग्वाटेमाला के केविन कोर्डोन जैसे दिग्गजों से ग्रुप एल में खेल कर जीतना होगा। भारत के पूर्व कोच विमल ने फ्रांस के मार्सेले शहर से पीटीआई से कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि ड्रॉ अच्छा है।''
कोच विमल ने कहा ,‘‘ वह कई बार जोनाथन क्रिस्टी से करीबी मुकाबले हार चुका है। यह बराबरी का मामला है। दूसरे चरण में जाने के लिये मौकों को भुनाना होगा। मेरे हिसाब से लक्ष्य के पास खोने के लिये कुछ नहीं है। वह अंडरडॉग रहेगा जिससे खुलकर खेल सकेगा।'
लक्ष्य को बड़े मैचों का खिलाड़ी बताते हुए विमल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह एशियाई खेलों के पूर्व चैम्पियन क्रिस्टी को हरा सकते है। इससे पहले ओलंपिक में भारत के लिये साइना नेहवाल (2012 में कांस्य) और पी वी सिंधू (2016 में रजत और 2020 में कांस्य) पदक जीत चुकी हैं।
अलमोड़ा के रहने वाले लक्ष्य की तैयारी के लिये दक्षिण कोरिया के यू योंग सुंग को वापिस बुलाया गया है। जिन्होंने लक्ष्य के नेट गेम, कोर्ट पर रफ्तार और दबाव के हालात में फोकस पर काम किया। उन्होंने 2022 में लक्ष्य के साथ काम किया था। यू योंग सुंग दो बार ओलंपिक पुरूष युगल रजत पदक विजेता रह चुके है।
विमल ने कहा ,‘‘ पिछले तीन सप्ताह से यू योंग सुंग इन चीजों पर उसके साथ काम कर रहे हैं।'' लक्ष्य ओलंपिक खेलने जा रहे पोपोव बंधुओं क्रिस्टो और टोमा जूनियर के साथ भी अभ्यास कर रहे हैं। भारतीय खिलाड़ी किरण जॉर्ज और आयुष शेट्टी भी अभ्यास के लिये वहां मौजूद हैं। लक्ष्य अपने कोच के साथ 22 जुलाई को पेरिस के लिए रवाना होंगे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)