पाकिस्तानी गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को चार विकेट पर 152 रन पर रोका

Pakistan Team
PIC: PCB/Twitter
Published on: 
Updated on: 

सिडनी: शाहीन शाह अफरीदी की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में बुधवार को न्यूजीलैंड को चार विकेट पर 152 रन पर रोक दिया। न्यूजीलैंड के लिये डेरिल मिशेल ने 35 गेंद में नाबाद 53 और कप्तान केन विलियमसन ने 42 गेंद में 46 रन बनाकर स्कोर 150 के पार पहुंचाया। ग्रुप चरण में औसत प्रदर्शन के बाद किस्मत के सहारे सेमीफाइनल तक पहुंची पाकिस्तानी टीम के तेवर आज बिल्कुल बदले हुए थे। 

उसके गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया और क्षेत्ररक्षण भी काफी मुस्तैद था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का कीवी कप्तान केन विलियमसन का फैसला गलत साबित हो गया जब अफरीदी ने पहले ओवर में ही उन्हें करारा झटका दिया। फिन एलेन ने पहली गेंद पर अफरीदी को चौका जड़ा लेकिन अगली ही गेंद पर बल्लेबाज चकमा खा गया और मैदानी अंपायर ने उन्हें पगबाधा करार दिया। न्यूजीलैंड के रिव्यू लेने पर पता चला कि बल्ला गेंद पर लगा था और बल्लेबाज के पक्ष में फैसला गया।   

अगली ही गेंद पर हालांकि अफरीदी ने उसी अंदाज में फिन को पगबाधा आउट करके पाकिस्तान को शानदार शुरूआत दिलाई। नये बल्लेबाज डेविड कोंवे ने अगले ओवर में नसीम शाह को दो चौके लगाकर न्यूजीलैंड पर से दबाव कम करने की कोशिश की। पहले बदलाव के तौर पर आये हारिस रऊफ ने अपने पहले ओवर में चार रन ही दिये। न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट छठे ओवर में गिरा जब क्रीज पर जमते दिख रहे डेवोन कोंवे तेजी से रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए। 

अगले ओवर में ग्लेन फिलिप्स को मोहम्मद नवाज ने रिटर्न कैच लेकर पवेलियन भेजा। इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर आठ ओवर में तीन विकेट पर 49 रन था। इसके बाद विलियमसन और मिशेल ने चौथे विकेट के लिये 50 गेंद में 68 रन की साझेदारी की। विलियमसन ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए इक्के दुक्के रन लिये और ढीली गेंदों को नसीहत दी। दोनों ने 50 रन सिर्फ 36 गेंद में जोड़े लेकिन चौके छक्के बहुत मुश्किल से लगे।   

कीवी पारी में कुल दो ही छक्के लगे जिनमें से एक विलियमसन और एक मिशेल ने जड़ा। पूरी पारी में सिर्फ दस चौके लग सके। विलियमसन अर्धशतक से चार रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में अफरीदी ने उन्हें बोल्ड किया। मिशेल और जेम्स नीशाम (नाबाद 16) ने 22 गेंद में 35 रन की साझेदारी की लेकिन आखिरी ओवरों में तेजी से नहीं खेल सके। न्यूजीलैंड ने आखिरी पांच ओवर में सिर्फ 46 रन बनाये। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com