पाकिस्तानी क्रिकेट टीम में बगावत, जितने मुंह उतने तरह की हो रही हैं बातें!

टी-20 क्रिकेट विश्वकप 2024 में भारत के हाथों मिली हार के बाद से पाकिस्तानी टीम पूरी तरह से हिली हुई है। टीम के दो खेमों में बंटे होने की चर्चा भी अब सरेआम हो गई है। हालात ये हैं कि टीम मैनेजमेंट को सामने आकर डैमेज कंट्रोल करना पड़ रहा है।
Babar Azam and Shaheen Afridi
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

न्यूयॉर्क : टी-20 क्रिकेट विश्वकप 2024 में भारत के हाथों मिली हार के बाद से पाकिस्तानी टीम पूरी तरह से हिली हुई है। टीम के दो खेमों में बंटे होने की चर्चा भी अब सरेआम हो गई है। हालात ये हैं कि टीम मैनेजमेंट को सामने आकर डैमेज कंट्रोल करना पड़ रहा है। कनाडा के साथ मैच से ठीक पहले पाकिस्तान टीम के दो गुटों में बंटने को लेकर चल रही ख़बरों पर पाकिस्तान के सहायक कोच अजहर महमूद ने सफाई पेश की है।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सहायक कोच अजहर महमूद ने कप्तान बाबर आजम और मुख्य तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के बीच मतभेद से इनकार करते हुए कहा कि हाल में पूर्व कप्तान वसीम अकरम का दोनों के बीच बातचीत नहीं होने की बात कहना गलत है। महमूद ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो मानते हैं कि खिलाड़ियों की क्रिकेट के अलावा बाहर कोई जिंदगी नहीं होनी चाहिए और उन्हें भारत के खिलाफ मिली हार के बारे में सोचते हुए अपने होटल के कमरों तक ही सीमित रहना चाहिए।

अजहर महमूद ने दी सफाई

अटकलें लगायी जा रही हैं कि पाकिस्तान टीम में दो गुट हैं जिसमें एक की अगुआई कप्तान बाबर करते हैं जबकि दूसरा गुट का नेतृत्व शाहीन करते हैं। पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ मैच में 120 रन के लक्ष्य का पीछा करने में विफल रही थी और छह रन से हार गयी थी। महमूद ने इस हार का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वसीम ने ऐसा कहा होगा, लेकिन मुझे नहीं पता। मैंने ऐसा कुछ नहीं देखा। शाहीन और बाबर निश्चित रूप से एक दूसरे से बात कर रहे हैं, वे अच्छे दोस्त हैं। वे दोनों पाकिस्तान टीम का हिस्सा हैं। हम किसी की भी वजह से नहीं हारे, बल्कि यह हमारी गलती थी।"

खिलाड़ी नहीं कर रहे प्रेस कान्फ्रेंस

जब उनसे पूछा गया कि खिलाड़ी मीडिया से बात करने के लिए प्रेस कांफ्रेंस में क्यों नहीं आ रहे तो महमूद ने कहा कि अगर हार के लिए जवाबदेह होने की बात है तो सहयोगी स्टाफ भी समान जिम्मेदारी लेता है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी खिलाड़ी को नहीं छुपा रहे हैं। हर कोई वहां है। मैंने पहले कहा था कि हम एक टीम हैं। जाहिर है, हम यहां बैठे हैं और यह हमारी जिम्मेदारी है। हम प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। इसलिए मैं यहां बैठा हूं। उन्होंने कहा आगे कहा कि कल, गैरी कर्स्टन यहां थे। इसलिये निश्चित रूप से ऐसा नहीं है कि हम किसी खिलाड़ी को छुपा रहे हैं। वे हमारी टीम का हिस्सा हैं। '' महमूद के साथ मुख्य चयनकर्ता वहाब रियाज और कप्तान बाबर भारत से मिली हार के बाद यहां एक रेस्तरां में रात्रिभोज के लिए मौजूद थे। इससे खेल प्रशंसकों ने काफी नाराजगी व्यक्त की।

महमूद ने किया खिलाड़ियों का बचाव

पाकिस्तान के पत्रकार ने जब यह सवाल पूछा तो महमूद उस पर ही बिफर पड़े और बोले, "आप वहां थे। मैं आपको बता रहा हूं, आप वहां थे। बात यह है कि हम बहुत भावुक हैं। मेरा मतलब है कि ऐसा नहीं होता कि अगर आप एक मैच हार गये तो आपकी जिंदगी खत्म हो जायेगी। आप ऐसा कैसे करोगे? अगर आप एक मैच हार गये और फिर आप कमरे में आकर निराश रहो तो आपको अपने दिमाग को शांत करने के लिए थोड़ा समय चाहिए। अब निश्चित रूप से हमारे खिलाड़ी ऐसे नहीं हैं। मैं भी इंग्लैंड की टीमों के साथ रहा हूं। अगर वे ऐसी जगह जाते हैं तो आप वहां सिर्फ खाने के लिए जा सकते हैं।"

(एजेंसी- इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com