एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप: सिद्धार्थ चौधरी ने गोला फेंक में जीता गोल्ड मेडल

Siddharth Chaudhary
File Photo: Khelo India (Twitter)
Published on: 
Updated on: 

येचियोन (दक्षिण कोरिया). गोला फेंक खिलाड़ी सिद्धार्थ चौधरी ने सोमवार को यहां एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19.52 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से भारत के लिए तीसरा गोल्ड मेडल जीता। इस 17 साल के खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 19.52 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इससे पहले जूनियर स्तर पर उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19.11 मीटर का था। कतर के जिब्राइन अदौम अहमत (18.85 मी) और मेजबान देश के पार्क सिहून (18.70 मी) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। भारत ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन छह मेडल जीतकर जापान (आठ गोल्ड, दो सिल्वर, दो ब्रॉन्ज) और चीन (पांच गोल्ड, तीन सिल्वर, दो ब्रॉन्ज) के बाद तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज के साथ तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया।

भाला फेंक में शिवम लोहकरे (72.34 मीटर), पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में शाहरुख खान (आठ मिनट 51.74 सेकंड) और लंबी कूद में सुष्मिता (5.96 मीटर) ने प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन सिल्वर मेडल जीते। चार गुणा 400 मीटर रिले टीम (तीन मिनट 30.12 सेकंड) और 800 मीटर धावक शकील (एक मिनट 49.79 सेकंड) ने में ब्रॉन्ज मेडल जीते।

इससे पहले रेजोआना हीना मलिक और भरतप्रीत सिंह ने रविवार को क्रमश: महिला 400 मीटर रेस और पुरुष चक्का फेंक स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किये थे। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com