

स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच डेविस कप में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें वह जिम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं वह इस वीडियो में ट्रेडमिल पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
नोवाक जोकोविच फिट खिलाड़ी हैं। ऐसे में फिटनेस और डांस को एक साथ जोड़कर अपना अनोखा रूप दिखाने का उनका ये तरीका उनके फैंस को काफी पसंद आया है। उनके इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। लोग इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं।
जोकोविच ने डेविस कप में शनिवार को इयोनिस ज़िलास पर 6-0, 6-1 की शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही सर्बिया ग्रीस के खिलाफ 2-0 से आगे हो गया। सिर्फ 45 मिनट तक चले इस मुकाबले में जोकोविच ने सात में से पांच ब्रेक पॉइंट को भुनाया।
जानकारी के लिए बता दें कि पेरिस ओलंपिक में नोवाक जोकोविच ने गोल्ड मेडल जीता था। लेकिन अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में वह अपना 25वां गैंड स्लैम नहीं जीत पाए। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के 28वीं वरीयता प्राप्त एलेक्सी पोपिरिन से हार का सामना करना पड़ा।
ज्ञात हो कि जोकोविच इससे पहले 2005 और 2006 में अमेरिकी ओपन के तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए थे। हालांकि 2011, 2015, 2018 और 2023 में वह अमेरिकी ओपन के चैंपियन रह चुके हैं।
गौरतलब है कि 24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके नोवाक जोकोविच के नाम पर सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अब तक अपने करियर में 37 ग्रैंड स्लैम फाइनल मुकाबले खेल हैं। ओपन ऐरा में वह सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और स्पेनिश के राफेल नडाल को भी इस मामले में पीछे छोड़ चुके हैं।