

नई दिल्ली: भारत के खाते में एक और गोल्ड मेडल आया है। बॉक्सर निकहत जरीन ने बॉक्सिंग में महिलाओं के 48-50 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने उत्तरी आयरलैंड की कार्ली को 5-0 से हराया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का 48वां पदक है और बॉक्सिंग में तीसरा स्वर्ण है। निकहत पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पदक जीती हैं।
शानदार फॉर्म में चल रही 26 साल की निकहत ने लाइट फ्लाईवेट (48-50 किग्रा) स्पर्धा में उत्तरी आयरलैंड की कार्ले मैकनॉल पर एकतरफा फाइनल में 5-0 से जीत दर्ज की। इसी के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत अब तक 49 पदक जीत चुका है। इसमें 17 स्वर्ण, 13 रजत और 19 कांस्य पदक शामिल हैं।
48-50 किग्रा फ्लाईवेट वर्ग में स्वर्ण पदक जितने के बाद निकहत जरीन ने कहा, मैं अपने देश के लिए गोल्ड जीतकर रोमांचित हूं। विश्व चैंपियनशिप के बाद यह मेरी अगली बड़ी प्रतियोगिता थी। लोगों ने मुझसे यहां भी गोल्ड जीतने की उम्मीद की थी, इसलिए मैं बहुत खुश हूं।
निकहत ने यह भी कहा, मैं उस पल (राष्ट्रगान के दौरान) का वर्णन नहीं कर सकती, यह मेरे लिए यादगार और बहुत भावुक था। मैं इस तरह के प्रदर्शन को और आगे देने और अपने देश को गौरवान्वित करने की उम्मीद कर रही हूं।
उन्होंने ने कहा, 'मैं उनसे (पीएम मोदी) मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैंने पिछली बार उनके साथ एक सेल्फी ली थी और अब एक नई सेल्फी लेना चाहती हूं। पिछली बार, मैंने अपनी टी-शर्ट पर उनका ऑटोग्राफ लिया था, अब मैं इसे अपने बॉक्सिंग ग्लव्स पर लुंगी।