

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (RR vs KKR) को 7 रनों से मात दी। यह मैच राजस्थान के लिए बहुत शानदार रहा था। इस मैच में कुछ ऐसा देखने मिला जो आईपीएल के इतिहास में पहली बार हुआ है। KKR के खिलाफ राजस्थान टीम के शानदार बल्लेबाज जोस बटलर (Jos Buttler) ने आईपीएल के इस सीजन का दूसरा शतक जड़ा, जबकि RR के बेहतरीन स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने हैट्रिक लेकर अनोखा कारनामा कर दिखाया है।
इन सबके अलावा इस मैच में दो खिलाड़ियों के बीच नोक-झोंक भी देखने मिली है। यह बहस एरोन फिंच (Aaron Finch) और प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) के बीच हुई। जिसका वीडियो सोशल एमडीए पर वायरल हो गया है। दरअसल, 218 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एरॉन फिंच और श्रेयस अय्यर की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर 9 ओवरों के अंदर ही अपने 100 रन पूरे कर लिए थे। लेकिन, फिर नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने राजस्थान को सफलता दिलाई, उन्होंने एरोन फिंच को करुण नायर के हाथों कैच आउट करा दिया था। जिसके बाद दोनों के बीच बहस होते हुए देखा गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि, आउट होने के बाद जब एरोन फिंच पवेलियन की ओर जा रहे थे, तब प्रसिद्ध कृष्णा उन्हें कुछ कहते हैं। जिसके बाद एरॉन फिंच ने भी प्रसिद्ध कृष्णा की स्लेजिंग का जवाब देने में थोड़ी भी देर नहीं लगाई और उन्हें मुहतोड़ जवाब दिया। बता दें कि, फिंच ने 28 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
मैच की बात करें तो, राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता के सामने जीत के लिए 218 रनों का लक्ष्य रखा था। वहीं, केकेआर की शुरुआत भी काफी अच्छी रही थी। लेकिन, केकेआर के पारी के 17वें ओवर में पूरा मैच पलट गया। इस ओवर में युजवेंद्र चहल ने हैट्रिक सहित चार विकेट चटकाकर मैच को राजस्थान की तरफ मोड़ दिया और फिर राजस्थान इस मुकाबले को 7 रनों से जीतने में कामयाब हो पाई।