मंधाना, हरमनप्रीत के अर्धशतकों से भारत ने दी वेस्टइंडीज को मात

india vs west indies Smriti Mandhana-Harmanpreet Kaur-shine-as-india-thrash-west-indies
Published on: 
Updated on: 

ईस्ट लंदन (दक्षिण अफ्रीका): स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के नाबाद अर्धशतकों की मदद से भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Women team India) ने टी20 श्रृंखला के पहले मैच में वेस्टइंडीज को 56 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनने वाली भारतीय टीम ने 20 ओवर में दो विकेट पर 167 रन बनाये। जवाब में वेस्टइंडीज टीम चार विकेट पर 111 रन ही बना सकी।

भारत के लिये सलामी बल्लेबाज यस्तिका भाटिया और मंधाना ने 33 रन की साझेदारी की। भाटिया को आफ स्पिनर करिश्मा रामहाराक ने 18 के स्कोर पर आउट किया। वह ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर रशादा विलियम्स को कैच देकर लौटी। हरलीन देयोल ज्यादा देर टिक नहीं सकी और तेज गेंदबाज शनिका ब्रूस की गेंद पर पगबाधा आउट हो गई। दो विकेट 52 रन पर गिरने के बाद मंधाना और हरमनप्रीत ने पारी को संभाला।

पहले मैच में तबीयत खराब होने के कारण बाहर रही हरमनप्रीत ने 35 गेंद में आठ चौकों की मदद से 51 रन बनाये। मंधाना ने 51 गेंद में 74 रन बनाये। दोनों ने करीब 12 ओवर क्रीज पर डटे रहकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। मंधाना ने अपनी पारी में दस चौके और एक छक्का जड़ा।

गेंदबाजी में स्पिनर राधा यादव ने चार ओवर में सिर्फ दस रन देकर शेमाइन कैंपबेल (47) का विकेट लिया। वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 96 रन था जब सिर्फ 15 गेंद बाकी थी। दीप्ति शर्मा ने 24 रन देकर दो विकेट लिये। (एजेंसी)