

Highlights:
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में
सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से दी करारी शिकस्त
टूर्नामेंट का फाइनल महामुकाबला आज यानी 5 नवंबर, गुरुवार शाम 7 बजे से खेला जाएगा
Indian Hockey Team Final: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में धमाकेदार अंदाज में प्रवेश कर लिया है। बुधवार, 04 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए एकतरफा सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त दी।
यह रिकॉर्ड 7वां मौका है जब भारत ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में कदम रखा है। टूर्नामेंट का महामुकाबला आज यानी 5 नवंबर, गुरुवार को शाम 7 बजे से इसी मैदान पर खेला जाएगा।
दरअसल, मोहाली के मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के सामने दक्षिण कोरियाई टीम पूरी तरह बेबस नजर आई। भारत की तरफ से शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने 2-2 गोल दागे। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगद बीर और विवेक सागर ने 1-1 गोल कर टीम की विशाल जीत में अपना योगदान दिया। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम ने बिना कोई मैच गंवाए फाइनल का टिकट कटाया है।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और जापान के बीच आज यानी गुरुवार 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जहां घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम इतिहास दोहराने के इरादे से उतरेगी।
जापान ने पहले सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। मैच का नतीजा पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकला था, जहां जापान ने 5-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की की। अब खिताबी जंग भारत और जापान के बीच होने वाली है। बिना कोई मैच हारे फाइनल में पहुंची टीम इंडिया की नजरें अब खिताबी जीत पर हैं
आपको बता दें कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 2011 में हुई थी। इसमें एशिया की छह टीमें हिस्सा लेती हैं। 2026 का आयोजन पंजाब के जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हो रहा है। लीग स्टेज के मुकाबले जालंधर में हुए, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में खेले जा रहे हैं।
भारत ने अब तक पांच बार यह खिताब जीता है। 2011 में पाकिस्तान को शूटआउट में हराकर पहली बार चैंपियन बना था। 2016 में फाइनल में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर दूसरी बार ट्रॉफी जीती।