IND vs ENG Hockey: आखिरी 2 सेकंड का ड्रामा, अंपायर का फैसला बदला और शूट-आउट में अंग्रेजों को चटाई धूल

India vs England Hockey Shootout: भारतीय हॉकी टीम ने लंदन में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को शूट-आउट में 3-2 से हरा दिया। मैच के आखिरी 2 सेकंड में रिव्यू से गेम पलटा।
india vs england hockey shootout
भारत बनाम इंग्लैंड (सौजन्य-IANS)
Updated on

FIH Pro League Hockey Match Highlights: भारतीय हॉकी टीम ने लंदन में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को शूट-आउट में 3-2 से हरा दिया। मैच के आखिरी 2 सेकंड में अंपायर के फैसले को रिव्यू से पलटकर भारत ने बाजी मार ली। लंदन के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कमाल कर दिया।

इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए इस रिवर्स मैच में भारत ने ऐसा डिफेंस दिखाया कि मेजबान टीम के पसीने छूट गए। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं और स्कोर 0-0 रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूट-आउट से हुआ, जहां भारत ने अंग्रेजों को 3-2 से हराकर मैदान मार लिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने बोनस अंक भी अपनी झोली में डाल लिया है।

आखिरी 2 सेकंड का वो महाड्रामा

इस मैच का सबसे बड़ा और रोमांचक मोड़ चौथे क्वार्टर के बिल्कुल अंत में आया। जब मैच खत्म होने में सिर्फ 2 सेकंड का समय बचा था, तब अंपायर ने इंग्लैंड को एक पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। पूरा स्टेडियम इंग्लैंड की जीत की उम्मीद करने लगा था, लेकिन भारतीय टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वीडियो रेफरल (रिव्यू) ले लिया। रीप्ले में साफ हो गया कि अंपायर का फैसला गलत था। रिव्यू सफल रहा और इंग्लैंड का पेनल्टी कॉर्नर रद्द हो गया, जिसके बाद मैच सीधे शूट-आउट में पहुंच गया।

शूट-आउट में भारतीय शेरों का जलवा

पेनल्टी शूट-आउट में दबाव के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने अपना धैर्य नहीं खोया। भारत की तरफ से अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और हार्दिक सिंह ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया। दूसरी ओर, इंग्लैंड की तरफ से केवल जैक वालेस और डेविड गुडफील्ड ही गोल कर पाए। भारतीय गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शूट-आउट को 3-2 से अपने नाम कर लिया।

संजय बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

इस पूरे मुकाबले में भारत की दीवार बने डिफेंडर संजय को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच की शुरुआत से ही इंग्लैंड ने आक्रामक रुख अपनाया था, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उनके हर वार को नाकाम कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भी इंग्लैंड को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला था, लेकिन वहां भी भारत ने वीडियो रेफरल लेकर अंपायर के फैसले को पलटवा दिया था। पूरे मैच में मिले शानदार वीडियो रेफरल ने भारत को हार के मुंह से बाहर निकाला और एक ऐतिहासिक जीत दिला दी।

Navbharat Live
navbharatlive.com