

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला (IND vs SA 3rd T20) मंगलवार को इंदौर में खेला गया। जहां भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, टीम इंडिया (Team India) ने इस सीरीज को 2-1 से जीत लिया है, लेकिन आखिरी मुकाबले में भारत ने जो प्रयोग करने की कोशिश की वह पूरी तरह विफल रही।
दरअसल, सीरीज के अंतिम मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) को आराम दिया गया था। जिसके बाद टीम इस मुकाबले में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने वाली थी। वहीं टीम इंडिया ने इस मैच में बैटिंग ऑर्डर से भी छेड़छाड़ की थी। जिसका नतीजा ये निकला कि, भारत को 49 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत में सामने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रनों का विशाल स्कोर रखा था।
https://twitter.com/BCCI/status/1577345132189388802
इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने ऋषभ पंत मैदान में उतरे थे। जबकि श्रेयस अय्यर नंबर-3 और दिनेश कार्तिक नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आए। वहीं, इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने काफी लेट आए। हालांकि, राहुल द्रविड़ ने खुद बताया कि यह आखिरी टी-20 मैच था ऐसे में जितने बदलाव किए जा सकते थे वो यही मौका था। क्योंकि, कई खिलाड़ियों को काफी कम मौका मिला था, ऐसे में उन्हें ज़्यादा मौका देना भी काफी जरूरी था।
इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन वापस लौट गए थे। हालांकि, पंत को एक अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन वह भी बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाए थे। जबकि दिनेश कार्तिक ने 46 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी भी भारत के लिए काम नहीं आई। जिसका नतीजा ये निकला कि, साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 49 रनों से मात दे दी। वहीं, भारत को बैटिंग ऑर्डर से छेड़छाड़ करना काफी महंगा भी पड़ गया। हालांकि, अब भारतीय टीम का मुकाबला सीधे टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ होना है।