

नई दिल्ली: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) चोटिल है, इस वजह से वह बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे और पहले टेस्ट मैच में खेल नहीं पाए थे। वहीं, उम्मीद थी कि रोहित शर्मा दूसरे टेस्ट मैच (India vs Bangladesh 2nd Test Match) में खेलते हुए नज़र आ सकते है। लेकिन, अब उनकी चोट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का अंगूठा अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है। इस वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है। रोहित शर्मा अभी भारत में ही है। बता दें कि, भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए के लिए बचे 5 टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण हैं।
क्रिकबज के मुताबिक, रोहित शर्मा की चोट को देखते हुए मेडिकल टीम ने किसी तरह का रिस्क नहीं लेने का फैसला किया है। हालांकि, रोहित शर्मा अगले महीने से श्रीलंका के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की वनडे और टी20 सीरीज में खेलने की संभावना है। भारत और श्रीलंका के बीच 3 जनवरी से सीरीज शुरू होने वाली है।
बता दें कि, दूसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया सोमवार को मीरपुर पहुंची। टीम अगले 2 दिन प्रैक्टिस करेगी। भारत और बांग्लादेश के बीच 22 दिसंबर से दूसरा मैच शुरू होने वाला है।