

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उप कप्तान और मिडफ़ील्डर हार्दिक सिंह ने भारतीय क्रिकेटरों की तुलना में हॉकी खिलाड़ियों से करते हुए कहा कि हॉकी खिलाड़ी क्रिकेट खिलाड़ियों से फ़िटनेस के मामले में काफी बेहतर हैं। क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के यो-यो टेस्ट स्कोर की ओर इशारा करते हुए भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उप कप्तान और मिडफ़ील्डर हार्दिक सिंह ने कहा कि हम लोगों का स्कोर क्रिकेटरों से काफी बेहतर होता है।
हॉकी खिलाड़ी हार्दिक के अनुसार हॉकी खिलाड़ियों के यो-यो टेस्ट के परिणाम क्रिकेटरों से कहीं बेहतर हैं, जो कई लोगों को आश्चर्यचकित कर सकता है। अंतर्राष्ट्रीय एथलीटों की फ़िटनेस को मापने के लिए वैश्विक मानक यो-यो टेस्ट ने भारत में तब लोकप्रियता हासिल की, जब क्रिकेटरों को टीम में शामिल करने के पहले इसे अनिवार्य कर दिया गया। जो खिलाड़ी यो-यो टेस्ट में फेल हो जाता है, उसे टीम में मौका नहीं मिल पाता है।
यो-यो टेस्ट के दौरान कई भारतीय क्रिकेटरों की किरकिरी हुयी है। देश के सबसे फिट माने जाने वाले खिलाड़ी विराट कोहली को अक्सर देश के सबसे फ़िट एथलीटों में गिना जाता है और कोहली का यो-यो टेस्ट स्कोर 17.2 है, जो टीम की न्यूनतम आवश्यकता 16.5 से अधिक है। यह उनकी फ़िटनेस को लेकर मेहनत व तैयारी को दिखाता है।
इतना अधिक है अंतर
हॉकी खिलाड़ी हार्दिक के अनुसार एक ओर जहां क्रिकेटरों को अक्सर यो-यो टेस्ट में 17-18 के स्कोर के साथ उनकी फिटनेस के लिए सराहा जाता है, वहीं हार्दिक ने खुलासा किया कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम लगातार 23 के आसपास स्कोर करती है। हार्दिक ने पॉडकास्ट के दौरान कहा कि क्रिकेट की तैयारी के दौरान अगर कोई यो-यो टेस्ट में 19 या 20 स्कोर करता है, तो लोग उसे सबसे फिट कहते हैं। पीआर श्रीजेश हमारे देश के गोलकीपर रहे हैं, वह हमेशा 21 स्कोर करते हैं।
लड़कियां दे रही हैं टक्कर
हार्दिक ने आगे बताया कि यो-यो इंटरमिटेंट रिकवरी टेस्ट (YYIR) के बारे में बताया कि यह टेस्ट 15 के स्कोर से शुरू होता है, और 8 स्प्रिंट होते हैं। इसके बाद यह 23.8 तक बढ़ता जाता है। हमारे साथ खेलने वाले 7 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 23.8 का स्कोर हासिल किया है। उन्होंने जूनियर गर्ल्स हॉकी टीम के परिणामों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि लड़कियां भी आमतौर पर टेस्ट में 17-18 के आसपास स्कोर करती हैं, जो कोहली के स्कोर के बराबर है।
हॉकी खिलाड़ी हार्दिक के अनुसार जूनियर गर्ल्स हॉकी टीम को देखा जाए तो वह 17-18 स्कोर करती हैं। हमारा (औसत) 22-23 है। हार्दिक को आखिरी बार पेरिस ओलंपिक 2024 के दौरान एक्शन में देखा गया था और उन्होंने भारत के कांस्य पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में स्पेन पर 2-1 से जीत हासिल की थी। यह भारत का लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक था।