

नई दिल्ली: आज यानी 12 दिसंबर को भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के उस खिलाड़ी का जन्मदिन है, जिसने अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने में थोड़ा भी समय नहीं लगाया था। जी हां, हम किसी और की नहीं बल्कि युवराज सिंह (Yuvraj Singh) की ही बात कर रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवी (Yuvi Birthday) का जन्म आज ही के दिन 1981 में हुआ था। वह टीम इंडिया के सबसे मैच विनर खिलाड़ी हुआ करते थे। इस साल वह अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। युवराज ने 10 जून 2019 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
युवराज सिंह ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से करोड़ों लोगों का दिल जीता है। आज भी उनके फैंस उन्हें मैदान पर खेलते देखना चाहते हैं। युवराज सिंह की एक पारी आज भी लोगों के जेहन में है। युवी की ये वो पारी है, जिसमें उन्होंने छह गेंदों पर 6 छक्के जड़े थे। 19 सितंबर 2007 को युवराज सिंह ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर की सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के मारे थे। यह कारनामा करने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफ्रीकी धुरंधर हर्शल गिब्स के बाद एक ओवर में छह छक्के मारने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे।
https://twitter.com/ICC/status/1204959173714284544
दरअसल हुआ कुछ यूं था कि इस मैच में भारत की पारी का 18वां ओवर था, एंड्रयू फ्लिंटॉफ गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी युवराज के साथ कहा सुनी हो गई थी। क्योंकि उन्होंने युवी को कुछ भद्दे इशारे किए थे। लेकिन, उनके इस इशारों का खामियाज़ा ब्रॉड को झेलना पड़ा था। उन्होंने उनके ओवर की साड़ी गेंद को हवा में उड़ाते हुए मैदान से बाहर पहुंचाया था। वहीं क्रीज के दूसरे छोर पर खड़े कप्तान महेंद्र सिंह धोनी युवी को बस देखते रह गए थे।
युवराज सिंह का अंतरराष्ट्रीय करियर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा, लेकिन 19 साल के अपने क्रिकेट करियर में उन्होंने एक दशक से भी ज्यादा समय तक टीम इंडिया के संकटमोचक बने रहे थे। वह टीम इंडिया के काफी तूफानी बल्लेबाज हुआ करते थे। उन्होंने ऐसे कई मैच भारत के कब्जे में किए हैं, जिसे जीतना काफी मुश्किल था। उन्होंने न सिर्फ बल्ले से बल्कि गेंद से भी कई कारनामे किए हैं। वह देश के चुनिंदा क्रिकेटरों में शामिल रहे, जिन्हें तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) में खेलने का मौका मिला था।
युवराज सिंह के नाम वैसे तो कई रिकॉर्ड है, लेकिन आज भी इंटरनेशनल क्रिकेट रिकॉर्ड में युवराज सिंह के नाम महज़ 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने का रिकॉर्ड दर्ज है। यह रिकॉर्ड आज भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में दर्ज है। युवी ने कुल 16 गेंदों में 58 रन बनाए इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके मारे थे। युवी की पारी के दम पर ही भारत ने उस मैच में 218/4 रनों का स्कोर बनाया था। इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 18 रनों से हराया था। बाद में फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 402 मैच खेले जिसमें 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी-20 मैच शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 1900 रन बनाए, एक दिवसीय मैच में उन्होंने 8701 रन अपने नाम किए, जबकि टी20 में युवी के नाम 1177 रन है। युवराज सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 1,496 चौके-छक्के जड़े। युवी ने वनडे में 908 चौके और 155 छक्के मारे हैं। जबकि टी-20 में उनके बल्ले से 77 चौके और 74 छक्के आए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने 260 चौके और 22 छक्के जड़े हैं।