T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों शर्मनाक शिकस्त से काफी निराश, एक हार से भारत का आकलन नहीं करें: सचिन तेंदुलकर

Sachin Tendulkar
ANI Photo
Published on: 
Updated on: 

नयी दिल्ली. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने शनिवार को कहा कि इंग्लैंड (Englnad) के हाथों टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (T20 World Cup Semifinal) में भारत (India) की शर्मनाक हार से वह काफी निराश हैं लेकिन उन्होंने आलोचकों से टीम का आकलन एक हार के आधार पर नहीं करने का आग्रह किया। इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारत को दस विकेट से हराया।

तेंदुलकर ने मीडिया संगठनों को भेजे वीडियो में कहा, "मुझे पता है कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार निराशाजनक थी । मेरा भी यही मानना है। हम भारतीय क्रिकेट के शुभचिंतक हैं।"

https://twitter.com/ANI/status/1591393845740154880

उन्होंने आगे कहा, "लेकिन अपनी टीम का आकलन इस प्रदर्शन के आधार पर नहीं करें। हम दुनिया की नंबर एक टी20 टीम भी रहे हैं। नंबर वन पर रातोंरात नहीं पहुंचा जाता। इसके लिये लंबे समय तक अच्छी क्रिकेट खेलनी होती है जो इस टीम ने खेली है।"

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारतीय टीम को अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने में इतिहास की सबसे खराब सीमित ओवरों की टीम बताया क्योंकि भारत ने 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद से कोई आईसीसी खिताब नहीं जीता है।

तेंदुलकर ने कहा, "एडीलेड पर 168 रन अच्छा स्कोर नहीं था। उस मैदान पर बाउंड्री बहुत छोटी है लिहाजा 190 के आसपास रन बनने चाहिये थे । हमारे गेंदबाज भी विकेट नहीं ले सके।"

पूर्व कप्तान ने टीम का समर्थन करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि इस तरह का प्रदर्शन ठीक है । खिलाड़ी नाकाम होने के लिये नहीं उतरते। वे हमेशा जीतने के लिये खेलते हैं लेकिन रोज ऐसा नहीं होता। खेल में उतार चढाव आते रहते हैं। हम हमेशा नहीं जीत सकते।"

Navbharat Live
navbharatlive.com