CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में चाड ले क्लोस का ऐतिहासिक कारनामा, 19वां मेडल जीतकर रचा इतिहास

Chad Le Clos 19th Medal: दक्षिण अफ्रीका के स्टार तैराक चाड ले क्लोस ने पुरुषों की 4x100m रिले में कांस्य जीतकर अपना 19वां पदक हासिल किया और कॉमनवेल्थ गेम्स में इतिहास रच दिया।
CWG 2026: Chad le Clos etches his name in history with his 19th medal, setting a new Commonwealth Games record.
चाड ले क्लोस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Chad Le Clos Wins 19th Commonwealth Games Medal: दक्षिण अफ्रीका के स्टार तैराक चाड ले क्लोस ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रचते हुए खेलों के सबसे सफल पुरुष खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल कर लिया। ले क्लोस ने पुरुषों की 4x100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक जीतकर अपने करियर का 19वां कॉमनवेल्थ पदक हासिल किया और इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के निशानेबाज फिल एडम्स तथा इंग्लैंड के मिक गॉल्ट को पीछे छोड़ दिया।

क्लोस ने क्या कहा?

34 वर्षीय ले क्लोस ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद भावुक होते हुए कहा, 'मुझे कांस्य पदक पर नहीं, स्वर्ण पदक पर खुशी के आंसू आने चाहिए थे, लेकिन सच कहूं तो यह पदक मेरे लिए पूरी दुनिया के बराबर है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैंने अपने करियर में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन इतिहास में अपना नाम सबसे ऊपर देखना एक ऐसा सपना है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता।'

क्लोस के अब तक के आंकड़े

कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक ले क्लोस के नाम 7 स्वर्ण, 4 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 19 पदक दर्ज हो चुके हैं। उनका पदकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि वो ग्लासगो में 50 मीटर और 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धाओं में भी हिस्सा लेंगे।

भारत से शुरु किया था ये खास सफर

ले क्लोस ने साल 2010 में नई दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स से अपने सफर की शुरुआत की थी। उस समय महज 18 साल की उम्र में उन्होंने पांच पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। ग्लासगो 2026 उनके करियर के पांचवें कॉमनवेल्थ गेम्स हैं।

अंतरराष्ट्रीय करियर भी है शानदार

कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा ले क्लोस का अंतरराष्ट्रीय करियर भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने ओलंपिक में चार पदक, जिनमें एक स्वर्ण शामिल है, अपने नाम किए हैं। इसके अलावा वह 16 विश्व चैंपियनशिप खिताब भी जीत चुके हैं, जिनमें अधिकांश बटरफ्लाई स्पर्धा में आए हैं। अपनी इसी शानदार गति और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन की बदौलत उन्हें दुनिया के सबसे महान और दिग्गज तैराकों में गिना जाता है

2028 ओलंपिक में भी लेंगे हिस्सा

ले क्लोस ने ये भी संकेत दिया है कि उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। वो लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक गेम्स में भी हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं, जो उनके करियर का पांचवां ओलंपिक होगा। 36 वर्ष की उम्र में भी उनका ये जज्बा दिखाता है कि बढ़ती उम्र उनके हौसलों और तैरने की भूख को कम नहीं कर पाई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com