क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रचा इतिहास, 200 इंटरनेशल मैच खेलने वाले बने पहले पुरुष खिलाड़ी

cristiano-ronaldo-score-winning-goal-against-iceland-in-record-200th-appearance-for-portugal-in-euro-qualifiers
Published on
Updated on

बर्लिन: क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने और इस उपलब्धि का जश्न उन्होंने 89वें मिनट में गोल दागकर मनाया जिससे पुर्तगाल (Portugal) ने यूरोपीय फुटबॉल चैंपियनशिप (European Football Championship Qualifier) के क्वालीफायर में आइसलैंड (Iceland) को 1-0 से हराया। पदार्पण के लगभग 20 साल बाद पुर्तगाल के लिए 200वें मुकाबले की शुरुआत से पहले गिनीज विश्व रिकॉर्ड्स ने 38 साल के रोनाल्डो को सम्मानित किया। रोनाल्डो के मंगलवार को दागे गोल की बदौलत पुर्तगाल ने ग्रुप जे में चार मैच में चौथी जीत दर्ज करते हुए यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई करने का अपना दावा मजबूत किया।

एर्लिंग हैलेंड के दो गोल की मदद से नॉर्वे ने साइप्रस को 3-1 से हराया जबकि रोमेलु लुकाकु के दो गोल की बदौलत बेल्जियम ने एस्टोनिया को 3-0 से शिकस्त दी। पोलैंड को हालांकि दो गोल की बढ़त बनाने के बावजूद मालदोवा के खिलाफ 2-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी। यूरो 2024 के मेजबान जर्मनी को भी मैत्री मैच में कोलंबिया के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप जे में रोनाल्डो ने पुर्तगाल की ओर से अपना 123वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागा। उन्होंने गोंजालो इनासियो के हेडर से मिली गेंद को गोल में पहुंचाया।

ग्रुप के अन्य मैचों में लग्जमबर्ग ने बोस्निया एवं हर्जेगोविना को 2-0 से हराया जबकि स्लोवाकिया ने लिचटेनस्टीन को 1-0 से शिकस्त दी। ग्रुप ए में नॉर्वे की जीत के बावजूद स्कॉटलैंड ने जॉर्जिया को 2-0 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी जगह बरकरार रखी है। स्कॉटलैंड और जॉर्जिया के बीच मुकाबला तेज बारिश और मैदान पर पानी भरने से लगभग एक घंटा और 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ। स्कॉटलैंड ने अब तक अपने चारों मुकाबले जीते हैं। जॉर्जिया की टीम स्कॉटलैंड से चार अंक पीछे दूसरे स्थान पर है।

नॉर्वे की टीम चार मैच में चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। स्पेन के दो मैच में तीन अंक हैं। ग्रुप ई में स्टार रॉबर्ट लेवानदोवस्की के गोल के बावजूद पोलैंड को मालदोवा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा जो तीन मैच में उसकी दूसरी हार है। अल्बानिया ने फेरो आइलैंड को 3-1 से हराया और ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। चेक गणराज्य शीर्ष पर चल रहा है। पोलैंड तीन अंक के साथ नीचे से दूसरे स्थान पर है। ग्रुप एफ में लुकाकु के तीन मिनट में दो गोल से बेल्जियम ने एस्टोनिया को 3-0 ये हराया।

योहान बुकायोको ने भी बेल्जियम की ओर से गोल किया। ऑस्ट्रिया ने ग्रुप के एक अन्य मैच में क्रिस्टोफ बोमगार्टनर के दो गोल से स्वीडन को 2-0 से शिकस्त दी। ऑस्ट्रिया तीन मैच में 10 अंक के साथ शीर्ष पर है। उसने बेल्जियम पर तीन अंक की बढ़त बना रखी है। ग्रुप जी में हंगरी ने लिथुआनिया को 2-0 हराया जबकि बुल्गारिया और सर्बिया का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। हंगरी सात अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। सर्बिया के भी सात अंक हैं लेकिन खराब गोल अंतर के कारण वह दूसरे स्थान पर है। (एजेंसी) 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com