

Cristiano Ronaldo Makes History: फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में से एक पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और कीर्तिमान अपने नाम किया है। 40 साल के रोनाल्डो दुनिया के पहले अरबपति फुटबॉलर बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक रोनाल्डो की कुल संपत्ति 1.4 बिलियन यूएस डॉलर (लगभग 1160 अरब रुपये) बताई गई है। इसमें करियर की कमाई, विज्ञापन और स्मार्ट निवेश शामिल हैं।
रोनाल्डो की आय का सबसे बड़ा हिस्सा वेतन से आता है। यूरोप में उनका वेतन मेसी के बराबर था। हालांकि 2023 में सऊदी अरब के अल नास्र क्लब से जुड़ने के बाद उनकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया है। इसके तहत उन्हें टैक्स मुक्त सालाना 200 मिलियन डॉलर (करीब 1,660 करोड़ रुपये) वेतन और बोनस के रूप में मिलते हैं। उन्हें साइनिंग बोनस के तौर पर 30 मिलियन डॉलर भी मिले। ब्लूमबर्ग का अनुमान है कि 2002 से 2023 के बीच रोनाल्डो ने सिर्फ वेतन से ही 550 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमा लिए।
रोनाल्डो की आय का दूसरा स्रोत एंडोर्समेंट्स है। अकेले नाइकी के साथ ही उनका दस साल का करार है। इसके तहत उन्हें हर साल लगभग 18 मिलियन डॉलर (लगभग 160 करोड़ रुपये) मिलते हैं। इसके अलावा अरमानी और कैस्ट्रोल जैसी कंपनियों के ब्रांडस के साथ उन्हें लगभग 175 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त कमाई हुई।
रोनाल्डो ने सीआर-7 ब्रांड से अपनी अलग पहचान बनाई है। इसके तहत उनके होटल, जिम, और फैशन प्रोडक्ट्स आते हैं। उनके पास कई लग्जरी संपति भी हैं। इनमें पुर्तगाल के लिस्बन के पास क्विंटा दा मरीन्हा में एक आलीशान घर शामिल है। उसकी कीमत करीब 20 मिलियन यूरो बताई जाती है। रोनाल्डो की सोशल मीडिया फॉलोइंग भी कमाल की है। इंस्टाग्राम पर उनके 660 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वे दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले इंसान हैं।
दूसरी ओर, लियोनेल मेसी ने करियर में 600 मिलियन डॉलर (करीब 5325 करोड़) से अधिक की कमाई की है। हालांकि उनका सलाना वेतन 20 मिलियन डॉलर (लगभग ₹171 करोड़) है। यह रोनाल्डो की मौजूदा आय का मात्र 10 प्रतिशत है। मेसी इस समय इंटर मियामी के लिए खेल रहे है। वह सेवानिवृत्ति के बाद क्लब में हिस्सेदारी भी प्राप्त करेंगे।