T20 World Cup के वार्म-अप मुकाबले में रयान बर्ल की तूफानी पारी, जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड्स को 29 रनों से हराया

T20 World Cup Warm up Matches 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पांचवें वार्म-अप मैच में जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड्स को 29 रनों से हराया। रयान बर्ल का नाबाद अर्धशतक जीत में अहम रहा।
Netherlands vs Zimbabwe, 5th Match
जिम्बाब्वे टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Netherlands vs Zimbabwe, 5th Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका को सौंपी गई है। इस वर्ल्ड कप के लिए सभी टीमें अब पूरी तरह से तैयार है। वर्ल्ड कप से पहले सभी टीमें कुछ वॉर्म-अप मुकाबले खेल रही है। इस दौरान पांचवां वार्म-अप मुकाबला जिम्बाब्वे और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया। जिसमें जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड्स को 29 रनों से हराकर जीत हासिल कर ली है। जिम्बाब्वे के लिए रयान बर्ल ने 31 गेंदों में तूफानी अर्धशतक लगाया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 9 विकेट खोकर 178 रन बनाए। इस टीम ने 7 के स्कोर पर ब्रायन बेनेट (1) का विकेट खो दिया था। यहां से डायोन मायर्स ने तदिवानाशे मारुमानी के साथ दूसरे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। मायर्स 14 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 32 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यहां से मारुमानी ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की।

रयान बर्ल की अर्धशतकीय पारी

मारुमानी 27 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रजा ने 20 रन की पारी खेली। इनके अलावा, रयान बर्ल ने 31 गेंदों में 6 चौकों के साथ नाबाद 50 रन बनाए। विपक्षी खेमे से लोगान वैन बीक ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, फ्रेड क्लासेन, बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

149 रनों पर सिमटी नीदरलैंड्स की टीम

इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 149 रन पर सिमट गई। इस टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ सका था। यहां से माइकल लेविट ने जैक लायन कैशेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन जुटाए, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही टीम बिखरने लगी। लेविट ने 13 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 20 रन बनाए, जबकि कैशेट ने 13 गेंदों में 17 रन की पारी खेली।

कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टीम के खाते में 26 रन का योगदान दिया, जबकि लोगान वैन बीक ने नाबाद 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से रिचर्ड नगारवा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, वेलिंगटन मसाकाद्जा और ग्रेम क्रेमर ने 2-2 विकेट हासिल किए।

Navbharat Live
navbharatlive.com