T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, तीन बदलाव के साथ उतरा साउथ अफ्रीका

T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे इस वर्ल्ड कप के अपने आखिरी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वहीं साउथ अफ्रीका ने इस मैच में तीन बदलाव किए हैं।
Zimbabwe vs South Africa, Super-8, Match No.11
सिकंदर रजा और एडेन मार्करम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Zimbabwe vs South Africa, Super-8, Match No.11: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का 11वां मुकाबला जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। साउथ अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। जबकि जिम्बाब्वे की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है।

टॉस जीतने के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। यह एक दिन का गेम है और बदकिस्मती से हमें जो चोटें लगी हैं, उन्हें देखते हुए यह हमारे गेमप्लान के हिसाब से सही है। रिचर्ड न्गारावा कमर के निचले हिस्से में चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे। हमें देखना होगा कि हम अपने प्रदर्शन में कैसे सुधार कर सकते हैं और 18 महीने में मिड-टेबल टीम बन सकते हैं।"

टॉस गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान ने क्या कहा?

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने कहा, "हम भी पहले बल्लेबाजी करते। हम अच्छे से चेज कर रहे थे और देखना चाहते थे कि पहले बल्लेबाजी करते हुए कैसा प्रदर्शन रहता है। टीम में तीन बदलाव हुए हैं। क्वेन मफाका, एनरिक नॉर्खिया, और जॉर्ज लिंडे टीम में वापस आए हैं। इस मुकाबले में मार्को यानसेन, कगिसो रबाडा और केशव महाराज को आराम दिया गया है।

साउथ अफ्रीका ने नहीं गंवाया है कोई मुकाबला

ग्रुप स्टेज में बिना कोई मैच गंवाए सुपर-8 में पहुंची दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन अच्छा रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 में भारत और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों को हराया। वहीं जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में तो अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन सुपर-8 में उसे दोहरा नहीं पाई। जिम्बाब्वे को भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। जिम्बाब्वे विश्व कप से बाहर हो चुकी है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

ज़िम्बाब्वे: तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रेयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, क्लाइव मडांडे, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी।

साउथ अफ़्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्किया, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com