WTC 2025-27 में थमा ऑस्ट्रेलिया का विजयरथ, कंगारू को मिली पहली हार; पॉइंट्स टेबल में हुआ बड़ा बदलाव?

WTC Points Table Updates: बॉक्सिंग डे टेस्ट में इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत से ऑस्ट्रेलिया को WTC 2025-27 चक्र की पहली हार मिली, हालांकि कंगारू टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है।
AUSTRALIA AT MCG
Updated on

WTC Points Table Updates after AUS vs ENG, 4th Test: एशेज सीरीज 2025-26 गंवाने के बाद इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में जोरदार वापसी करते हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हरा दिया। यह जीत इंग्लैंड के लिए बेहद खास है, क्योंकि इंग्लिश टीम ने ऑस्ट्रेलिया में लगभग 15 साल बाद बॉक्सिंग डे टेस्ट अपने नाम किया है। इससे पहले इंग्लैंड ने 2011 में ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर यह टेस्ट जीता था।

जहां इंग्लैंड खेमे में इस ऐतिहासिक जीत का जश्न देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया को मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में पहली हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद WTC की पॉइंट्स टेबल में भी अहम बदलाव देखने को मिले हैं।

टूटा ऑस्ट्रेलिया का जीत का सिलसिला

ऑस्ट्रेलिया ने जून 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से WTC 2025-27 अभियान की शुरुआत की थी। कंगारू टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों टेस्ट जीतकर क्लीन स्वीप किया था। इसके बाद एशेज सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने लगातार छह टेस्ट में जीत दर्ज की।

हालांकि, बॉक्सिंग डे टेस्ट में मिली हार के साथ ऑस्ट्रेलिया की विनिंग स्ट्रीक थम गई। इसके बावजूद टीम WTC पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सात टेस्ट खेले हैं, जिनमें छह जीत के साथ उसके 72 अंक हैं। हालांकि, उसका PCT 100 से घटकर 85.71 हो गया है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का अपडेटेड पॉइंट्स टेबल

स्थान टीम मैच खेले जीते हारे ड्रॉ अंक प्रतिशत (PCT)
1 ऑस्ट्रेलिया 7 6 1 0 72 85.71
2 न्यूज़ीलैंड 3 2 0 1 28 77.78
3 दक्षिण अफ्रीका 4 3 1 0 36 75.00
4 श्रीलंका 2 1 0 1 16 66.67
5 पाकिस्तान 2 1 1 0 12 50.00
6 भारत 9 4 4 1 52 48.15
7 इंग्लैंड 9 3 5 1 38 35.19
8 बांग्लादेश 2 0 1 1 4 16.67
9 वेस्टइंडीज 8 0 7 1 4 4.17

इंग्लैंड को जीत के बाद भी नहीं हुआ फायदा

यह मौजूदा WTC चक्र में इंग्लैंड की तीसरी जीत रही, लेकिन इसके बावजूद टीम की रैंकिंग में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इंग्लैंड नौ टेस्ट में तीन जीत, पांच हार और एक ड्रॉ के साथ 35.19 PCT लेकर सातवें स्थान पर है। उसके खाते में कुल 38 अंक हैं। हालांकि, अभी भी इंग्लैंड की उम्मीदें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बरकरार है।

WTC पॉइंट्स टेबल में कैसा है भारत का हाल?

WTC टेबल में भारत की बात करें तो टीम इंडिया छठे पायदान पर है। भारत ने नौ टेस्ट में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ 48.15 PCT हासिल किया है।  वहीं न्यूजीलैंड 77.78 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है। कीवी टीम ने अब तक तीन टेस्ट खेले हैं, जिसमें दो जीत और एक ड्रॉ शामिल है। डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका 75 PCT के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। उसने चार मैचों में तीन जीत हासिल की हैं। श्रीलंका (66.67 PCT) चौथे और पाकिस्तान (50 PCT) पांचवें स्थान पर हैं। तालिका के निचले हिस्से में बांग्लादेश (16.67 PCT) और वेस्टइंडीज (4.17 PCT) मौजूद हैं। दोनों ही टीमों को अब तक जीत नसीब नहीं हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com