
WPL 2027 Auction LIVE: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 की मिनी नीलामी बुधवार को कोच्चि में हो रही है। इस नीलामी में 146 खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला हो रहा है। पांचों फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए बोली लगा रही हैं। हालांकि, टीमों के पास खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए सिर्फ 27 स्लॉट खाली हैं।
नीलामी में भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी, ऑलराउंडर स्नेह राणा, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तेजल हसबनीस, ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू, इंग्लैंड की सोफिया डंकले और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस जैसे खिलाड़ियों पर नजर है।
नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), मुंबई इंडियंस, यूपी वॉरियर्स, गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स हिस्सा ले रही हैं। पांचों टीमों के पास कुल 27 जगहें खाली हैं, जिनमें 20 स्लॉट भारतीय खिलाड़ियों के लिए और सात विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।
नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 146 खिलाड़ियों में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 22 कैप्ड और 97 अनकैप्ड क्रिकेटर हैं। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में 14 कैप्ड और 13 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं।