थाईलैंड को एक और बार हराकर फाइनल में जगह बनाने उतरेगा भारत

women's T20 Asia cup 2022 India will enter the final after beating Thailand one more time
Published on: 
Updated on: 

सिलहट (बांग्लादेश): भारत (India) का महिला एशिया कप (Women's T20 Asia cup 2022 ) में अब तक का सफर आसान रहा है और गुरुवार को यहां सेमीफाइनल (Semi Final) में टीम जब थाईलैंड (Thailand ) की कमजोर टीम से भिड़ेगी तो उसके एक और जोरदार जीत दर्ज करने की उम्मीद है। इन दोनों टीम के बीच पिछला मुकाबला काफी एकतरफा रहा था जिसमें भारत ने थाईलैंड को 15.1 ओवर में सिर्फ 37 रन पर ढेर कर दिया था और फिर लीग चरण के इस मुकाबले में आसान जीत दर्ज की। थाईलैंड की टीम भारत के खिलाफ पिछले मैच की तुलना में बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। टीम ने मेजबान और गत चैंपियन बांग्लादेश को पछाड़कर पहली बार एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

नारुमोल चाईवाई की टीम यह साबित करने की उम्मीद कर रही होगी कि टूर्नामेंट के लिए उसका क्वालीफाई करना तुक्का नहीं है। भारत को इस टूर्नामेंट के जरिए अपनी बेंच स्ट्रैंथ को परखने का शानदार मौका मिला है और इस प्रतियोगिता के जरिए टीम की कम अनुभवी खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले पर्याप्त मुकाबले खेलने का समय मिला है। इस रणनीति के तहत भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर छह लीग मैच में से केवल तीन में खेली और भारत की एकमात्र हार के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं।

फिनिशर की भूमिका निभाने वाली खिलाड़ी की तलाश में भारत ने आक्रामक बल्लेबाजों किरण प्रभु नवगिरे और डायलन हेमलता को आजमाया। मई में महिला टी20 चैलेंज में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाली किरण तीन पारियों में सिर्फ 10 रन बना पाई जबकि उनसे अधिक अनुभवी हेमलता के नाम भी चार पारियों में सिर्फ 45 रन दर्ज हैं। अब यह देखना होगा कि भारत प्रयोग जारी रखता है या फिर फाइनल की तैयारी के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम उतारता है। दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा और राजेश्वरी गायकवाड़ की स्पिन तिकड़ी पूरे टूर्नामेंट के दौरान विरोधी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल रही है।

भारत को चुनौती देने के लिए थाईलैंड की टीम अपनी शीर्ष तीन खिलाड़ियों नानापट कोंचारोएनकेई, नथाकन चेंथम और कप्तान चाईवाई पर निर्भर करेंगी। इन तीनों ने टूर्नामेंट में टीम के लिए काफी रन बनाए हैं लेकिन भारत की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनकी राह आसान नहीं होगी। भारत के लिए सबसे सकारात्मक पक्ष जेमिमा रोड्रिग्ज की फॉर्म रही है। जेमिमा ने मध्यक्रम में जिम्मेदारी निभाते हुए दो अर्धशतक की मदद से सर्वाधिक 188 रन बनाए हैं। पहले दो मैच में विफल रही सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने भी मजबूत वापसी की है। दूसरा सेमीफाइनल भी गुरुवार को ही पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।

टीम इस प्रकार हैं:
भारत:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, एस मेघना, ऋचा घोष, स्नेह राणा, डायलन हेमलता, मेघना सिंह, रेणुका ठाकुर, पूजा वस्त्रकार, राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव और किरण नवगिरे।

थाईलैंड: नारुमोल चाईवाई (कप्तान), नताया बूचथम, नथाकन चेंथम, सुनिदा चतुरोंग्रताना, ओनिचा कामचोमफू, सुवानन खियाओतो, नानापट कोंचारोएनकेई, सुलीपोर्न लाओमी, बनथिदा लीफथाना, फन्निता माया, नानथिता बूनसुखम, थिपाचा सुतंतिन तिपिरथन, थिपचार्ट पुत्तिन तिपथाना।

समय: मैच भारतीय समयानुसार सुबह 8.30 बजे से शुरू होगा।(एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com