विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार दूसरे शतक से चूके विराट कोहली, रोहित शर्मा जीरो पर लौटे पवेलियन

Virat Kohli and Rohit Sharma: विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में विराट कोहली ने गुजरात के खिलाफ 77 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा दूसरे मैच में पहली गेंद पर आउट हुए, दोनों का यह टूर्नामेंट में दूसरा मैच था।
Virat Kohli and Rohit Sharma in VHT 2025-26
विराट कोहली और रोहित शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Virat Kohli and Rohit Sharma in VHT 2025-26: विजय हजारे ट्रॉफी 2025 काफी चर्चा में है। इसकी वजह भारतीय क्रिकेट के मौजूदा दौर के दो सबसे बड़े स्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। विराट और रोहित ने शतक के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे मैच में रोहित शर्मा जहां खाता खोलने में सफल नहीं रहे, वहीं विराट शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए।

बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में दिल्ली की तरफ से खेलते हुए विराट कोहली ने गुजरात के खिलाफ टूर्नामेंट के दूसरे मैच में 77 रन की पारी खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे विराट ने 61 गेंदों पर खेली गई अपनी पारी में 13 चौके और 1 छक्का लगाया। विराट इस मैच में भी शतक की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन तेजी से रन बनाने की कोशिश में विशाल जायसवाल की गेंद पर उर्विल पटेल ने उन्हें स्टंप कर दिया।

विराट ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेली थी शतकीय पारी

विराट ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ पिछले मैच में 101 गेंद पर 131 रन की पारी खेली थी। उस मुकाबले में विराट कोहली ने शतकीय पारी के साथ दिल्ली को जीत दिला दी थी। विराट कोहली के जुड़ने से दिल्ली की टीम मजबूत हो गई है। उम्मीद है कि दिल्ली की टीम इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।

दूसरे मैच में नहीं चला रोहित का बल्ला

रोहित शर्मा ने भी टूर्नामेंट के पहले मैच में सिक्किम के खिलाफ शतक लगाया था। रोहित ने 94 गेंद पर 155 रन की पारी खेली थी। जयपुर के फैंस मुंबई और उत्तराखंड के बीच मैच में भी रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन रोहित इस बार फैंस की उम्मीद पर खरे नहीं उतरे। रोहित पारी की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नए नियम के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को कम से कम दो घरेलू मैच जरूर खेलने हैं। रोहित और विराट दोनों का ही ये दूसरा मैच है। देखना होगा कि टूर्नामेंट में अगले मैचों में ये दिग्गज अपनी टीम के लिए खेलते हुए दिखते हैं या नहीं। न्यूजीलैंड सीरीज से पहले सभी खिलाड़ियों को अपने घरेलू टीम से खेलने के लिए कहा गया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com