

Vaibhav Sooryavanshi Century Video: युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच से पहले शतक बनाने की भविष्यवाणी करते नजर आ रहे हैं। उस समय किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन मैच में शतक लगाते ही वैभव चर्चा का केंद्र बन गए।
बीते कल (25 अप्रैल) राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से साझा किए गए वीडियो में वैभव बस की कांच पर शतक लगाने का इशारा करते दिखे। फ्रेंचाइजी ने कैप्शन में लिखा, “आज मैच के लिए रवाना होने से पहले वैभव सूर्यवंशी ने शतक बनाने का संकल्प लिया। वादा पूरा किया!”
RR बनाम SRH मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत करते हुए 37 गेंदों में 103 रन बनाए, स्ट्राइक रेट 278.37 का। उनके बल्ले से पांच चौके और 12 बड़े छक्के देखने को मिले।
हालांकि, वैभव की विस्फोटक पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स जीत दर्ज करने में नाकाम रही। जयपुर में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। वैभव (103) सर्वोच्च स्कोरर रहे, जबकि ध्रुव जुरेल ने 35 गेंद में 52 और डॉनोवन फरेरा ने 16 गेंद में 33 रन बनाए।
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 45 रन बनाते ही टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 15 साल 29 दिन की उम्र में हासिल की, जो अब तक का सबसे कम उम्र का रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने टी20 करियर की 26वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ, जिससे वह इस मुकाम तक सबसे तेज पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए।
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने 18.3 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन ने 31 गेंद में 74 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 57, नीतीश कुमार रेड्डी ने 36 और हेनरिक क्लासेन ने 29 रन बनाए। इस मुकाबले में किशन को उनकी मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।