Under-19 World Cup में भारत की नजरें फाइनल में पहुंचने पर, सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से होगा भिड़ंत

Under-19 World Cup में भारत की नजरें फाइनल पर हैं। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ने वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और जीत की प्रबल दावेदार है।
India U19 vs Afghanistan U19, 2nd Semi-Final
भारत बनाम अफगानिस्तान (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India U19 vs Afghanistan U19, 2nd Semi-Final: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में भारतीय अंडर-19 टीम का मुकाबला अफगानिस्तान अंडर-19 टीम से होगा। यह मुकाबला 4 फरवरी, बुधवार को जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजरें फाइनल में प्रवेश करने पर होगी। भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ उतरते हुए जीत की दावेदार के रूप में नजर आएगी।

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है। उसने पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018, 2022) खिताब अपने नाम किया है। इस साल भारत रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा। भारतीय टीम ने अब तक टूर्नामेंट में अपने सभी पांच मैच आसानी से जीतकर सुपर सिक्स चरण में पाकिस्तान को 58 रन से हराने का शानदार प्रदर्शन किया है।

हालांकि भारत अफगानिस्तान को कम नहीं आंक रहा है। अफगानिस्तान ने पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की है और केवल श्रीलंका से हार मिली है। लेकिन भारतीय टीम की फॉर्म और हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन उसे इस मुकाबले में प्रबल दावेदार बनाता है।

इन खिलाड़ियों से होगी भारत को आस

भारतीय बल्लेबाजी में विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू का प्रदर्शन शानदार रहा है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पांच मैचों में दो अर्धशतकों की मदद से 199 रन बनाए हैं। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी पांच मैचों में दो अर्धशतकों सहित 196 रन बनाए हैं, जबकि ऑलराउंडर विहान मल्होत्रा ने 172 रन बनाए और जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक (109*) लगाया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने गेंदबाजी में छह विकेट लिए हैं, लेकिन बल्लेबाजी में उन्हें सुधार की जरूरत है। वहीं सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज तीन पारियों में मात्र 46 रन ही बना सके हैं।

भारतीय गेंदबाजी की कमान तेज गेंदबाज हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश के हाथ में है। उन्हें स्पिनर खिलन पटेल का भी अच्छा सहयोग मिला है, जिन्होंने पांच मैचों में आठ विकेट लिए हैं। ऑलराउंडर मल्होत्रा भी गेंदबाजी में अपनी भूमिका निभाएंगे और भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

दोनों टीमों की पूरी स्क्वाड

भारत अंडर-19: आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन सिंह।

अफगानिस्तान अंडर-19: महबूब खान (कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, फैसल शिनोजादा, खालिद अहमदजई, उस्मान सादात, उजैरुल्लाह नियाजई, अब्दुल अजीज, अकील खान, खातिर स्टानिकजई, नाजीफुल्लाह अमीरी, नूरिस्तानी उमरजई, रूहुल्लाह अरब, सलाम खान, वहीदुल्लाह जादरान, जैतुल्लाह शाहीन।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com