T20 World Cup: सुपर-8 में जिम्बाब्वे करेगा उलटफेर? जानिए वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसा रहा है रिकॉर्ड

ICC Men's T20 World Cup 2026 के सुपर-8 में जिम्बाब्वे का सामना वेस्टइंडीज से होगा। ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा की टीम पर भरोसा, जबकि होप और हेटमायर करेंगे मजबूत चुनौती।
Zimbabwe vs West Indies, Super-8
जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Zimbabwe vs West Indies, Super-8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड की शुरुआत हो चुकी है। इस वर्ल्ड कप में सोमवार, 23 फरवरी को जिम्बाब्वे की भिड़ंत दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज से होगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले की मेजबानी मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम करेगा।

जिम्बाब्वे का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में कमाल का रहा था। टीम ने पहले चरण में ही दो बड़े उलटफेर करते हुए सुपर-8 का टिकट कटाया है। जिम्बाब्वे ने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराया था। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टूर्नामेंट में लगातार रन बना रहे हैं। वहीं बाकी बल्लेबाजों ने भी अच्छा योगदान दिया है।

बेनेट पर टिकी है जिम्बाब्वे की उम्मीदें

बेनेट 3 मुकाबलों में अब तक 175 रन बना चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बेनेट ने 48 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, कप्तान सिकंदर रजा बल्ले और गेंद दोनों से लगातार योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजारबानी ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट निकाले हैं। 3 मैचों में ब्लेसिंग अब तक 9 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

वेस्टइंडीज का शानदार प्रदर्शन

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए अब तक इस विश्व कप में सब कुछ सही घटा है। बल्लेबाजी में कप्तान शाई होप और शिमरॉन हेटयमार का प्रदर्शन दमदार रहा है। होप 4 मैचों में 134 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 155 रन बना चुके हैं। वहीं, हेटमायर ने 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 मैचों में 134 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कैरेबियाई टीम की तरफ से जेसन होल्डर और शमर जोसेफ टूर्नामेंट में 7-7 विकेट चटका चुके हैं।

कैसा रहेगा पिच का हाल?

वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए अच्छी मानी जाती है। हालांकि, शुरुआती ओवर में तेज गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिलती है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस मैदान पर बॉल काफी घूमती हुई भी नजर आई है, जिसका फायदा स्पिन गेंदबाजों को मिला है। वानखेड़े में पहली पारी का औसतन स्कोर 172 रहा है। वहीं, दूसरी इनिंग का एवरेज स्कोर 154 रन है। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले आगामी मैच में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। पूरे दिन धूप खिली रहेगी और बारिश होने की आशंका ना के बराबर है।

हेड टू हेड मुकाबले

टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 4 मैच खेले गए हैं। इनमें से कैरेबियाई टीम ने 3 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com