

-विनय कुमार
ICC T20 World Cup, 2022 में कई नए कीर्तिमान बन रहे हैं, तो कई चौंकाने वाली बातें भी देखी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया की मेज़बानी में 16 अक्टूबर से आरंभ हुए मैचों को देखा जाए तो कुछ यही नज़र आ रहा है।
इस महाटूर्नामेंट के दोनों दिन बड़ी हैरानी वाली रही। नामीबिया ने Asia Cup-2022 की नई नवेली चैंपियन श्रीलंका को हराकर समूची दुनिया को चौंका दिया, तो एक दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड ने दो बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्ट इंडीज़ को (SCO vs WI T20 World Cup, 2022) में धूल चटाकर क्रिकेट के सूरमाओं के साथ करोड़ों खेलप्रेमियों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। इसी दौरान बीते सोमवार, 17 अक्टूबर को एक और मैच खेला गया, जिसमें जिम्बाब्वे और आयरलैंड की भिड़ंत हुई। इस युद्ध में जिम्बाब्वे ने बाजी मारी और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज़ सिकंदर रज़ा (Sikander Raza) हीरो बने।
T20 Cricket के उभरते हुए The Unsung Hero सिकंदर रज़ा
विराट कोहली (Virat Kohli), बाबर आजम (Babar Azam), स्टीव स्मिथ (Steve Smith), रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जैसे खिलाड़ी लगातार अपने प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब उसी आकाश में जिम्बाब्वे के सिकंदर रज़ा भी एक नया सितारा नजर आने लगे हैं।
बीते सोमवार आयरलैंड के खिलाफ़ (IRE vs ZIM T20 World Cup, 2022) सिकंदर रज़ा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ़ 48 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली। सिकंदर रजा खबरों की दुनिया में छाए हुए हैं। गौरतलब है कि उन्होंने सिर्फ़ 26 गेंदों में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। T20I Cricket का इतिहास बताता है कि रज़ा की यह छठी हाफ सेंचुरी रही। इस मैच में उन्होंने 26वें बॉल पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। ICC T20 World Cup में यह उनकी पहली हाफ सेंचुरी है। इस मुकाबले में ऑल राउंड प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी 3 ओवर की बोलिंग में 22 रन देकर 1 विकेट भी चटकाया। ZIM vs IRE के इस मैच के वे 'Player of The Match' भी बने।