मेलबर्न हुआ 'बदलापुर' में तब्दील: पाकिस्तान को धूल चटाकर, 364 दिनों बाद टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लिया अपना बदला

Team India against Pakistan
PIC: Twitter
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World CUp 2022) में टीम इंडिया (Team India) के अभियान का इससे बेहतरीन शुरुआत हो ही नहीं सकता था। बीते रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलते हुए भारत (IND vs PAK) ने जिस तरह से अपना जोश दिखाया है, उससे ये बात तो साफ़ हो गई है कि, टीम इंडिया का मकसद केवल पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करना नहीं, बल्कि ट्रॉफी को हिंदुस्तान लाना है। पाकिस्तान के मुंह से जीत छीनकर भारत ने अपने पिछले साल का बदला भी ले लिया है। इस मैच में जीत के हीरो विराट कोहली (Virat Kohli) रहे, जो आखिरी तक डटकर भारत को जीत दिलाई। 

रविवार 23 अक्टूबर को मेलबर्न (Melbourne) में खेले गए पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की। यह मुकाबला काफी हाई-वोल्टेज था, जहां मुकाबला आखिरी बॉल तक गया था। एक समय ऐसा भी आया था, जब मानों भारत की जीत काफी दूर हो गई थी। लेकिन, टीम के स्टार प्लेयर विराट कोहली ने हार नहीं मानी थी, उन्होंने अपनी बेहतरीन पारी खेलते हुए पाकिस्तान को धूल चटाई और भारत को टी20 वर्ल्ड कप में पहले जीत दिलाई। इन सब में उनका साथ हार्दिक पंड्या ने बखूबी निभाया। 

364 दिन बाद पूरा हुआ बदला  

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम का बदला भी पूरा हो गया है। दरअसल, पिछले साल के टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला भारतीय टीम ज़रूर लेना चाहती थी। पिछले साल के टी20 वर्ल्ड कप में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था, जब भारत पाकिस्तान से हारी थी। लेकिन, अब 364 दिन बाद मेलबर्न में मिली इस जीत ने भारतीय टीम ने उस हार का बदला ले लिया है। मेलबर्न को बदलापुर बनाकर टीम इंडिया ने शानदार पारी खेली। 

ऐसा रहा पूरा मैच 

मेलबर्न में खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवरों में आठ विकेट पर 159 रन बनाए थे। जहां, भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या ने बॉलिंग में कमाल दिखाते हुए तीन-तीन विकेट लिए। जबकि पाकिस्तानी की ओर से शान मसूद ने सबसे ज्यादा नाबाद 52 रनों का योगदान दिया। वहीं इफ्तिखार अहमद ने 34 बॉल पर 51 रनों की पारी खेली। 

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दोनों सलामी बल्लेबाज बहुत जल्दी वापस पवेलियन लौट गए। टीम ने सातवें ओवर में 31 रनों के स्कोर पर अपने चार विकेट खो दिए थे। केएल राहुल और रोहित शर्मा चार-चार, जबकि सूर्यकुमार यादव 15 और अक्षर पटेल दो रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन, फिर विराट कोहली ने हार्दिक पंड्या (37 गेंदों में 40 रन) के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम इंडिया को मैच में बनाए रखा। जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से मात दी। 

Navbharat Live
navbharatlive.com