बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों के पास गलतियां सुधारने का मौका

Team India
File Photo
Published on: 
Updated on: 

एडिलेड: ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को भले ही शीर्ष क्रम में उतारने की मांग उठ रही हो लेकिन भारत बुधवार को यहां बांग्लादेश (IND vs BAN) के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) के सुपर 12 मैच में खराब फॉर्म में चल रहे लोकेश राहुल (KL Rahul) के साथ ही मैदान पर उतर सकता है। बांग्लादेश की टीम उलटफेर करती रही है लेकिन इस मैच में भारत जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पर्थ की तेज और उछाल भरी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बाद मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी कुछ बिंदुओं पर सोचने के लिए मजबूर हो गए होंगे। केएल राहुल अभी तक तीन मैचों में केवल 22 रन बना पाए हैं तथा पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ वह पूरी तरह से विफल रहे जिससे इस सलामी बल्लेबाज के खेल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि राहुल अंतिम एकादश में बने रह सकते हैं क्योंकि द्रविड़ का उन पर बहुत भरोसा है।

बांग्लादेश की टीम को टी20 क्रिकेट में कमजोर माना जाता है और उसके आक्रमण के सामने राहुल के लिए फॉर्म में वापसी करने का आदर्श मौका होगा। मुस्ताफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, मेहदी हसन मिराज, कप्तान शाकिब अल हसन और हसन महमूद का बांग्लादेशी आक्रमण अच्छा है लेकिन निश्चित तौर पर वह विश्वस्तरीय नहीं है।

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली पहले ही बेहतरीन पारियां खेल चुके हैं जबकि रोहित शर्मा ने नीदरलैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमाया था। लेकिन पंत को अंतिम एकादश में नहीं रखने का फैसला सभी को अखर रहा है। दिनेश कार्तिक पिछले मैच में चोटिल हो गए थे और ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ पंत को अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। बांग्लादेश की टीम में बाएं हाथ के चार बल्लेबाज हैं। 

इनमें कप्तान शाकिब, सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार और नजमुल हुसैन शंटो तथा मध्यक्रम के बल्लेबाज अफीफ हुसैन शामिल हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रविचंद्रन अश्विन को टीम में बरकरार रखा जाएगा या उनकी जगह अक्षर पटेल को लिया जाएगा। पिछले मैच में डेविड मिलर ने अश्विन की जमकर धुनाई की थी। भारतीय तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी को बांग्लादेश के बल्लेबाजों से निपटने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। 

बांग्लादेश के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजों के अनुकूल पिचों पर अभी तक जूझते रहे हैं। अभी तक तीन मैचों में केवल शंटो ही 100 से अधिक रन बना पाए हैं। उनके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज अफीफ का नंबर आता है। भारतीय गेंदबाजों के सामने उनके बल्लेबाजों पर दबाव होगा। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली टीम एडिलेड की मशहूर संध्या के समय का फायदा उठा सकती है जबकि गेंद अधिक स्विंग करती है।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक हुड्डा 

बांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल हुसैन शंटो, सौम्य सरकार, अफिफ हुसैन, मोसादेक हुसैन, मेहदी हसन मिराज, शोरफुल इस्लाम, इबादत हुसैन, नूरुल हसन, लिटन दास, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, यासिर अली, नसुम हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com