इंग्लैंड ने 20 रन से न्यूजीलैंड को दी शिकस्त, सेमीफाइनल की रेस में बरकरार

T20 World Cup 2022 ENG vs NZ England beat New Zealand by 20 runs, retain in semi-final race
PIC: ICC/Twitter
Published on: 
Updated on: 

ब्रिसबेन: सलामी बल्लेबाजों जोस बटलर और एलेक्स हेल्स के अर्धशतक के बाद सैम कुरेन और क्रिस वोक्स की उम्दा गेंदबाजी से इंग्लैंड ने मंगलवार को यहां न्यूजीलैंड को आईसीसी टी20 विश्व कप मुकाबले में 20 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखी। इंग्लैंड के 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम कुरेन (26 रन पर दो विकेट) और वोक्स (33 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी। 

ग्लेन फिलिप्स (62) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा कप्तान केन विलियमसन (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़े लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी था। इस जीत से ग्रुप एक में इंग्लैंड सहित तीन टीम के चार मैच में पांच अंक हो गए हैं। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के भी इतने ही अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के कारण न्यूजीलैंड शीर्ष पर और इंग्लैंड दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड ने कप्तान बटलर (47 गेंद में 73 रन, सात चौके, दो छक्के) और हेल्स (40 गेंद में 52 रन, सात चौके, एक छक्का) के बीच पहले विकेट की 81 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 179 रन बनाए।

https://twitter.com/ICC/status/1587407383273390082

न्यूजीलैंड को अपना पांचवां और अंतिम ग्रुप मैच चार नवंबर को आयरलैंड से खेलना है जबकि इंग्लैंड की टीम इसके अगले दिन श्रीलंका से भिड़ेगी। लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने पांचवें ओवर में 28 रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे (03) और फिन एलेन (16) के विकेट गंवा दिए। वोक्स के पारी के दूसरे ओवर में विकेटकीपर बटलर ने लेग साइड की ओर गोता लगाते हुए कॉनवे का शानदार कैच लपका। एलेन भी पांचवें ओवर में कुरेन पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में खेल बैठे और स्टोक्स ने डीप मिडविकेट पर आसान कैच लपका।

विलियमसन और श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच के शतक जड़ने वाले फिलिप्स ने इसके बाद पारी को संभाला। न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में दो विकेट पर 40 रन बनाए। फिलिप्स चार रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब लियाम लिविंगस्टोन की गेंद पर बटलर उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। फिलिप्स को 15 रन के स्कोर पर दूसरा जीवनदान मिला। इस बार आदिल राशिद की गेंद पर मोईन अली कवर में उनका कैच नहीं पकड़ पाए। फिलिप्स ने इसके बाद आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने वुड पर छक्का जड़ने के बाद 14वें ओवर में राशिद पर लगातार दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

फिलिप्स ने राशिद पर दो रन के साथ सिर्फ 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। विलियमसन हालांकि बेन स्टोक्स (10 रन पर एक विकेट) की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर राशिद को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 40 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे। न्यूजीलैंड को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 57 रन की दरकार थी। वुड ने जेम्स नीशाम (06) को कुरेन के हाथों कैच कराके न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया जबकि अगले ओवर में वोक्स की गेंद पर डेरिल मिशेल (03) भी लांग ऑन पर स्थानापन्न खिलाड़ी क्रिस जोर्डन के हाथों लपके गए। टीम को अंतिम तीन ओवर में 49 रन की जरूरत थी। 

फिलिप्स भी कुरेन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में जोर्डन के हाथों लपके गए। उन्होंने 36 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के मारे। मिशेल सेंटनर (नाबाद 16) और ईश सोढ़ी (नाबाद 06) इसके बाद हार के अंतर को ही कम कर पाए। इससे पहले बटलर इस पारी के दौरान इयोन मोर्गन को पछाड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। भाग्य ने भी बटलर का साथ दिया। उन्हें आठ और 40 रन के स्कोर पर जीवनदान मिले। उन्हें पहला जीवनदान पावरप्ले में मिला जब न्यूजीलैंड के उनके समकक्ष केन विलियमसन ने कवर्स में कूदते हुए गेंद को पकड़ लिया लेकिन जब वह नीचे गिरे तो गेंद उनके हाथ से छूट गई। 

हेल्स के आउट होने के बाद बटलर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लॉकी फर्ग्युसन को निशाना बनाया और एक बार फिर उन्हें भाग्य का साथ मिला जब मिडविकेट बाउंड्री पर डेरिल मिशेल ने उनका आसान कैच टपका दिया। टीम में वापसी के बाद शानदार फॉर्म में चल रहे 33 साल के हेल्स ने पिछली 12 पारियों में तीसरा अर्धशतक जड़ा। दोनों पावरप्ले में हवा में शॉट खेलने से बचे जो उनका स्वाभाविक खेल नहीं है। इंग्लैंड ने 10 ओवर में बिना विकेट खोए 77 रन बनाकर बड़े स्कोर का मंच तैयार किया।

मिशेल सेंटनर (25 रन पर एक विकेट) और ईश सोढ़ी (23 रन पर एक विकेट) ने रन गति पर कुछ अंकुश लगाया। बाएं हाथ के स्पिनर सेंटनर अपनी गति में अच्छी विविधता की। सेंटनर ने हेल्स को स्टंप कराके न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। तीसरे नंबर पर भेजे गए मोईन अली ने निराश किया और पांच रन बनाने के बाद 14वें ओवर में फर्ग्युसन (45 रन पर दो विकेट) का शिकार बने। न्यूजीलैंड ने हालांकि अंतिम तीन ओवर में बेहतर गेंदबाजी करते हुए बटलर सहित चार विकेट चटकाए और इस दौरान सिर्फ 22 रन खर्च किए। टिम साउथी के पारी के 19वें ओवर में हैरी ब्रूक (08) और बेन स्टोक्स (08) तीन गेंद के भीतर पवेलियन लौटे जिससे इंग्लैंड की टीम ने उम्मीद से 10 से 15 रन कम बनाए। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com