सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी विजय हजारे ट्रॉफी में दिखाएंगे जलवा, रोहित पहले ही पहुंचे जयपुर

Suryakumar Yadav and Shivam Dubey: विजय हजारे ट्रॉफी के लीग राउंड की अंतिम दो मुकाबले में सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे खेलते दिखेंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने इसकी जानकारी दी है।
suryakumar yadav and shivam dubey will play last 2 matches for mumbai in vijay hazare trophy
सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Suryakumar Yadav and Shivam Dubey in Vijay Hazare Trophy: बीसीसीआई द्वारा आगामी विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत 24 दिसंबर से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट के लिए सभी टीमों ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस टूर्नामेंट के लिए मुंबई की टीम का ऐलान भी कर दिया है। मुंबई के लिए पहले दो मुकाबले में रोहित शर्मा खेलते दिखेंगे। वहीं लीग राउंड के अंतिम दो मुकाबले में शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव खेलते दिखेंगे।

भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर शिवम दुबे विजय हजारे ट्रॉफी के 2 मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इन खिलाड़ियों ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) को 6 और 8 जनवरी को होने वाले मुकाबलों के लिए अपनी उपलब्धता के बारे में बताया है।सूर्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के 4 मुकाबलों में 8.50 की औसत के साथ सिर्फ 34 ही रन बना सके थे। खुद कप्तान ने माना था कि फॉर्म उनका साथ नहीं दे रही है। ऐसे में सूर्या को जितना मैच मिले वो खेलने को तैयार हैं।

सूर्या और दुबे अंतिम दो मैच खेलेंगे

मुंबई की टीम 24 दिसंबर को जयपुर में सिक्किम के खिलाफ अपना पहला लीग मैच खेलेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे 6 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबला खेलेंगे। इसके बाद 8 जनवरी को भी दोनों खिलाड़ी पंजाब के विरुद्ध मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कम से कम दो मैचों में सभी खिलाड़ियों को खेलना तय

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में ज्यादा भागीदारी पर जोर दिया है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर इस बात पर जोर दे चुके हैं कि जब भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का शेड्यूल अनुमति दे, उन्हें घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलना चाहिए। ऐसे में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध हालिया टी20 सीरीज में खेले खिलाड़ियों को विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मैच खेलने का निर्देश दिया गया है।

जनवरी में होगा न्यूजीलैंड से मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 11-18 जनवरी के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेंगी। इसके बाद 21-31 जनवरी के बीच पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज का आयोजन होगा। न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज के बीच भारतीय खिलाड़ियों को करीब एक महीने का ब्रेक मिलेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 का अभियान शुरू करेगी।

सिक्किम और उत्तराखंड के खिलाफ खेलेंगे रोहित

टूर्नामेंट में मुंबई के पहले दो मैच 24 दिसंबर को सिक्किम और 26 दिसंबर को उत्तराखंड के खिलाफ हैं। ये दोनों मैच जयपुर में खेले जाएंगे। रोहित और मुंबई के कप्तान शार्दुल के सोमवार को जयपुर पहुंच गए और आज प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com